KNEWS DESK- शाम की चाय के साथ अगर आपका भी कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन करता है, तो मसाला ओट्स चीला एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। रोजाना बिस्किट, नमकीन या तले हुए स्नैक्स खाने के बजाय आप घर पर आसानी से ओट्स चीला तैयार कर सकते हैं। इसमें ओट्स के साथ बेसन और पसंदीदा सब्जियां मिलाई जाती हैं, जिससे इसका स्वाद भी बढ़ जाता है।
यह रेसिपी नाश्ते के लिए भी बनाई जा सकती है और शाम की चाय के साथ स्नैक के तौर पर भी परोसी जा सकती है। इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और घर में मौजूद सामान्य सामग्री से ही यह तैयार हो जाता है।
मसाला ओट्स चीला बनाने के लिए सामग्री
1 कप ओट्स, आधा कप बेसन, 1 छोटा बारीक कटा प्याज, 1 छोटा बारीक कटा टमाटर, 1 हरी मिर्च, 1 छोटी कद्दूकस की हुई गाजर और थोड़ा सा हरा धनिया लें। इसके अलावा आधा चम्मच जीरा, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और चाट मसाला, स्वादानुसार नमक, पानी और चीला सेंकने के लिए थोड़ा तेल चाहिए।
ऐसे तैयार करें ओट्स का बैटर
सबसे पहले ओट्स को मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। अब एक बड़े बर्तन में ओट्स पाउडर और बेसन डालें। इसमें प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, गाजर और हरा धनिया मिला दें। इसके बाद जीरा, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला और नमक डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स करें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए बैटर तैयार करें। ध्यान रखें कि बैटर बहुत ज्यादा पतला या गाढ़ा न हो। बैटर तैयार होने के बाद इसे करीब 5 से 10 मिनट के लिए रख दें, ताकि ओट्स पानी को अच्छी तरह सोख सकें।
तवे पर ऐसे सेंकें चीला
अब गैस पर तवा गर्म करें और उस पर हल्का सा तेल लगाएं। एक कलछी बैटर तवे पर डालकर उसे गोल आकार में फैला दें। इसे मध्यम आंच पर पकाएं और किनारों पर थोड़ा तेल डालें।
जब चीला नीचे से सुनहरा और हल्का कुरकुरा होने लगे तो उसे सावधानी से पलट दें। दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंकें। दोनों तरफ से हल्का क्रिस्पी होने पर इसे प्लेट में निकाल लें।
इसी तरह बचे हुए बैटर से बाकी चीले भी तैयार कर लें। तैयार मसाला ओट्स चीले को दही, हरी चटनी या अपनी पसंद की चटनी के साथ गर्मागर्म सर्व कर सकते हैं।