KNEWS DESK- पीनट बटर नाश्ते में ब्रेड या टोस्ट के साथ पसंद किया जाता है। यह प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है, लेकिन बाजार में मिलने वाले कई पीनट बटर में शुगर, तेल और प्रिजर्वेटिव शामिल हो सकते हैं। ऐसे में आप इसे घर पर भी आसानी से तैयार कर सकते हैं। खास बात यह है कि घर पर पीनट बटर बनाने के लिए बहुत ज्यादा समय या सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती।

अगर आपके नाश्ते में पीनट बटर भी शामिल रहता है, तो इसे घर पर बनाना एक आसान विकल्प हो सकता है। शेफ पंकज भदौरिया ने बिना प्रिजर्वेटिव और रिफाइंड शुगर के पीनट बटर बनाने की रेसिपी शेयर की है। इसमें मिठास के लिए खजूर और शहद का इस्तेमाल किया जाता है। सही तरीके से तैयार करने पर इसका टेक्सचर काफी क्रीमी बनता है और इसे ब्रेड, टोस्ट या अन्य नाश्ते के साथ खाया जा सकता है।
घर पर पीनट बटर बनाने के लिए सामग्री
250 ग्राम पीनट बटर बनाने के लिए आपको 200 ग्राम बिना नमक वाली छिली हुई मूंगफली, एक चौथाई छोटा चम्मच नमक, दो छोटे चम्मच शहद, दो बड़े चम्मच मूंगफली का तेल और 6 से 7 कटे हुए खजूर चाहिए। मूंगफली के तेल की जगह देसी घी का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
पीनट बटर बनाने की आसान विधि
सबसे पहले बिना तेल के मूंगफली को करीब 8 से 10 मिनट तक सूखा भूनें। इसे मीडियम से हल्की आंच पर भूनना जरूरी है, ताकि मूंगफली अंदर तक अच्छी तरह पक जाए और इसमें कच्चापन न रहे। जब मूंगफली से अच्छी खुशबू आने लगे और छिलका चटकने लगे, तो गैस बंद कर दें।
अब भुनी हुई मूंगफली को पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद इसे कपड़े में डालकर रगड़ें, जिससे छिलके आसानी से अलग हो जाएंगे। मूंगफली के दानों से छिलके पूरी तरह अलग कर लें।
छिली हुई मूंगफली को मिक्सर ग्राइंडर में डालकर पीसना शुरू करें। इसे तब तक ब्लेंड करें, जब तक मूंगफली पेस्ट जैसी न हो जाए। पीसने के दौरान मूंगफली का प्राकृतिक तेल निकलने से इसका टेक्सचर धीरे-धीरे क्रीमी होने लगता है।
अब तैयार मूंगफली के पेस्ट में शहद, कटे हुए खजूर, नमक और मूंगफली का तेल या देसी घी डालें। सभी चीजों को दोबारा ब्लेंड करें, जब तक मिश्रण पूरी तरह स्मूद और क्रीमी न हो जाए।
इस तरह आपका घर का बना क्रीमी पीनट बटर तैयार हो जाएगा। इसे साफ और सूखे शीशे के जार में भरकर फ्रिज में स्टोर किया जा सकता है।
https://www.instagram.com/reels/Dd842Rvp5R8/
पीनट बटर में कौन से पोषक तत्व होते हैं?
यूएस डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर के अनुसार, 100 ग्राम पीनट बटर में करीब 22.5 ग्राम प्रोटीन और 4.8 ग्राम फाइबर पाया जाता है। इसके अलावा इसमें कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, फास्फोरस, पोटेशियम, जिंक, मैंगनीज और सेलेनियम भी मौजूद होते हैं। 100 ग्राम पीनट बटर में करीब 49 मिलीग्राम कैल्शियम, 1.73 मिलीग्राम आयरन, 169 मिलीग्राम मैग्नीशियम, 339 मिलीग्राम फास्फोरस, 564 मिलीग्राम पोटेशियम और 2.54 मिलीग्राम जिंक पाया जाता है। इसमें बी-कॉम्प्लेक्स के कुछ विटामिन के साथ फैटी एसिड्स भी मौजूद होते हैं।
घर पर पीनट बटर तैयार करने का फायदा यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उसकी मात्रा को अपनी पसंद के अनुसार रखा जा सकता है। हालांकि, इसमें शहद, खजूर और तेल भी कैलोरी बढ़ाते हैं, इसलिए इसे संतुलित मात्रा में लेना बेहतर रहता है।