KNEWS DESK- मानसून का मौसम जहां एक तरफ गर्मी से राहत देता है, वहीं दूसरी ओर अपने साथ कई तरह की मौसमी बीमारियां भी लेकर आता है। इस दौरान सर्दी-जुकाम, वायरल इंफेक्शन और पाचन संबंधी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में डॉक्टर भी इम्यूनिटी मजबूत रखने के लिए हल्का और पौष्टिक भोजन करने की सलाह देते हैं।

इन्हीं में से एक बेहतरीन विकल्प है मिक्स वेजिटेबल सूप, जो न केवल शरीर को गर्म रखता है बल्कि इम्यून सिस्टम को भी मजबूत बनाने में मदद कर सकता है।
मानसून में क्यों जरूरी है हेल्दी सूप?
बारिश के मौसम में पाचन तंत्र थोड़ा कमजोर हो जाता है, जिससे भारी खाना नुकसान कर सकता है। ऐसे में हल्का, गर्म और पोषक तत्वों से भरपूर सूप शरीर को एनर्जी देने के साथ-साथ संक्रमण से लड़ने में मदद करता है। गाजर, पालक, बीन्स और टमाटर जैसी सब्जियों से बना यह सूप विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है।
हेल्दी मिक्स वेजिटेबल सूप रेसिपी
सामग्री
- गाजर – 2 (बारीक कटी हुई)
- टमाटर – 1
- पालक – ½ कप
- बीन्स – 2
- शिमला मिर्च – ½ कप
- अदरक – ½ इंच (कद्दूकस किया हुआ)
- लहसुन – 2 कलियां
- काली मिर्च पाउडर – ½ चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- घी या ऑलिव ऑयल – 1 चम्मच
- पानी – 3 कप
बनाने की विधि
- सबसे पहले सभी सब्जियों को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें। अब एक पैन में घी या ऑलिव ऑयल गर्म करें।
- इसके बाद इसमें अदरक और लहसुन डालकर हल्का भूनें, जिससे इसका फ्लेवर अच्छे से निकल आए। फिर सभी कटी हुई सब्जियां डालकर 2-3 मिनट तक हल्का सा भून लें।
- अब इसमें पानी डालें और मध्यम आंच पर लगभग 15 मिनट तक पकने दें, जब तक सब्जियां नरम न हो जाएं।
- इसके बाद चाहें तो सूप को हल्का ब्लेंड कर सकते हैं या फिर वैसे ही दे सकते हैं। आखिर में इसमें काली मिर्च और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं।
- गर्मागर्म सूप सर्व करें और चाहें तो ऊपर से थोड़ा कॉर्न भी डाल सकते हैं।
मानसून सूप के फायदे
यह मिक्स वेज सूप शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचा सकता है—
- इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में मदद करता है
- पाचन तंत्र को हल्का और बेहतर बनाए रखता है
- सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण से बचाव में सहायक
- शरीर को गर्म और एनर्जेटिक बनाए रखता है
मानसून के मौसम में सही खानपान बहुत जरूरी होता है। ऐसे में मिक्स वेजिटेबल सूप एक आसान, हल्का और हेल्दी विकल्प है, जिसे रोजाना डाइट में शामिल करके आप अपनी इम्यूनिटी को मजबूत बना सकते हैं और मौसमी बीमारियों से बच सकते हैं।