डिजिटल डेस्क- कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू से एक बार फिर लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। यहां मल्लेश्वरम इलाके में एक 27 साल के युवक ने मामूली बहस के बाद अपनी 20 वर्षीय लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मकान में ताला लगाकर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्टाग्राम पर शुरू हुई थी लव स्टोरी
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान हासन जिले के सकलेशपुर की रहने वाली अनुषा (20) के रूप में हुई है। अनुषा की जान-पहचान इंस्टाग्राम के जरिए सकलेशपुर के ही रहने वाले शरत (27) से हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया और बंगलूरू के मल्लेश्वरम में एक किराए का कमरा लेकर लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। आरोपी शरत बंगलूरू में पानी के टैंकर का ड्राइवर है।
बहस के बाद मर्डर, वकील दोस्त को फोन कर दी जानकारी
घटना शनिवार रात की है, जब किसी बात को लेकर अनुषा और शरत के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर शरत ने अनुषा की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी कमरे का ताला बंद कर मौके से भाग निकला। फरार होने के बाद शरत ने अपने एक वकील मित्र को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। वकील ने बिना देर किए तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, कमरे का ताला तोड़ा और अनुषा का शव बरामद कर आरोपी शरत को धर दबोचा। बंगलूरू में लिव-इन पार्टनर की हत्या का यह कोई पहला मामला नहीं है। हाल ही में डोड्डाकन्नाहल्ली इलाके में सिक्किम की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ‘अति हंगमा सुब्बा’ की भी उसके लिव-इन पार्टनर पूर्बा लेपचा ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी। उस मामले में आरोपी को अपनी प्रेमिका के किसी और से संबंध होने का शक था।