गुजरात के वडोदरा में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 10 की मौत, 25 से अधिक घायल

KNEWS DESK- गुजरात के वडोदरा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोटंबी स्टेडियम के पास एक निजी लग्जरी बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, यह बस राजस्थान के बाड़मेर से सूरत की ओर जा रही थी। इसी दौरान कोटंबी स्टेडियम के पास बस चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और बस सामने खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और कई लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और वडोदरा अग्निशमन विभाग की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गईं। बस में फंसे यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल प्रशासन ने आपात स्थिति को देखते हुए विशेष इंतजाम किए हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट कर नियंत्रित किया। दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को हटाने का काम भी जारी है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *