रांची के बीआईटी मेसरा हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव

बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (BIT Mesra) के हॉस्टल नंबर-9 में एमएससी की छात्रा अंजली सुमन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Knews Desk- रांची के बीआईटी थाना क्षेत्र स्थित बीआईटी मेसरा कैंपस में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब हॉस्टल नंबर-9 के एक कमरे में छात्रा का शव मिला। मृतका की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले की रहने वाली अंजली सुमन के रूप में हुई है। वह संस्थान में एमएससी की पढ़ाई कर रही थी और हॉस्टल में रह रही थी।

जानकारी के मुताबिक, अंजली शुक्रवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद अपने कमरे में चली गई थी। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर उसकी सहेलियों को चिंता हुई। रात में जब छात्राएं डिनर के लिए जाने लगीं, तब भी कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सहेलियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद अंदर झांकने पर अंजली फंदे से लटकी दिखाई दी।

घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल की अन्य छात्राओं और कॉलेज प्रबंधन को सूचित किया गया। संस्थान की ओर से पुलिस को जानकारी दी गई, जिसके बाद बीआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और कमरे की जांच की।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में छात्रा की मौत के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पढ़ाई से जुड़े तनाव समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

घटना की सूचना अंजली के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की परिस्थितियों को लेकर आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

फिलहाल पुलिस छात्रा के कमरे, उसके साथियों और कॉलेज से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना से पहले अंजली की गतिविधियों और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *