ChatGPT से नकल के आरोप के बाद IIT बॉम्बे के छात्र की मौत, कैंपस में प्रदर्शन

Knews Desk- आईआईटी बॉम्बे में एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग के सेकंड ईयर के छात्र की मौत के बाद कैंपस में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्र पर परीक्षा के दौरान मोबाइल से ChatGPT का इस्तेमाल कर नकल करने का आरोप सामने आया था। हालांकि, संस्थान ने कहा कि उसके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी।

जानकारी के मुताबिक, परीक्षा से एक दिन पहले छात्र को परीक्षा हॉल में मोबाइल इस्तेमाल करते पकड़ा गया था। उसने सवालों के जवाब पाने के लिए प्रश्नपत्र ChatGPT पर अपलोड किया था। IIT बॉम्बे के अनुसार, मामले की जानकारी मिलने के बाद इंस्ट्रक्टर और विभागाध्यक्ष ने छात्र से बात की थी और उसे समझाया था। संस्थान का कहना है कि छात्र को यह भी भरोसा दिलाया गया था कि इस घटना का उसके अकादमिक करियर पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा।

इसके बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गया, जहां बाद में वह मृत पाया गया। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के यवतमाल निवासी साहिल वाकोडे के रूप में हुई है। मुंबई पुलिस ने पवई थाने में ADR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और छात्रों के बयान भी लिए जा रहे हैं।

वहीं, छात्रों का आरोप है कि छात्र को एक साल के निलंबन की धमकी दी गई थी। हालांकि, संस्थान ने किसी अनुशासनात्मक कार्रवाई से इनकार किया है। छात्र की मौत के बाद कैंपस में प्रदर्शन हुआ। पुलिस और IIT प्रशासन मामले की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *