KNEWS DESK- अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में स्थित हिल्टन होटल में हुई फायरिंग की घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस घटना में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ट ट्रंप बाल-बाल बच गए, जिसके बाद वैश्विक नेताओं ने चिंता और राहत दोनों व्यक्त की है।
इस हमले के वक्त ट्रंप व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में मौजूद थे, जहां अचानक गोलीबारी की आवाजों से अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी प्रमुख लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घटना के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्हें यह जानकर राहत मिली है कि राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित हैं।
पीएम मोदी ने अपने संदेश में इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए और इसकी एक स्वर में निंदा की जानी चाहिए। उन्होंने सभी की सुरक्षा और कुशलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
गौरतलब है कि इस घटना के बाद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं और पूरे मामले की गहन समीक्षा की जा रही है। वहीं अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी इस हमले को लेकर गंभीर चिंता जता रहा है।