KNEWS DESK – ऑनलाइन फ्री ट्रायल और सब्सक्रिप्शन के बढ़ते चलन के बीच एक छोटी सी गलती भी बड़ा नुकसान करा सकती है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां अर्चना पूरन सिंह के बेटे आयुष्मान सेठी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए। एक साधारण फ्री ट्रायल समझकर उन्होंने जिस सर्विस को एक्टिव किया, उसी के जरिए उनके क्रेडिट कार्ड से एक झटके में करीब 87 हजार रुपये कट गए।
यह घटना तब सामने आई जब आर्यमन सेठी ने अपने फैमिली व्लॉग में इस पूरे मामले का जिक्र किया। व्लॉग की शुरुआत में जहां आम परिवारिक पल दिखाए गए, वहीं बाद में आयुष्मान काफी घबराए हुए नजर आए। पूछने पर उन्होंने बताया कि उनके कार्ड से अचानक बड़ी रकम डेबिट हो गई, जिससे पूरा परिवार हैरान रह गया।
आयुष्मान के मुताबिक, उन्होंने सात दिन के फ्री ट्रायल के नाम पर एक ऑनलाइन सर्विस को एक्सेप्ट किया था। शुरुआत में 0 डॉलर का ट्रायल ट्रांजैक्शन दिखाया गया, जिसे उन्होंने मंजूर कर लिया। लेकिन कुछ ही समय बाद बिना किसी अतिरिक्त पुष्टि के पूरे साल की फीस उनके कार्ड से काट ली गई।
https://www.instagram.com/p/DV3UogfiDPP/
इस अप्रत्याशित ट्रांजैक्शन के बाद आयुष्मान ने तुरंत कस्टमर केयर से संपर्क करने की कोशिश की। वहीं अर्चना पूरन सिंह ने भी उन्हें बैंक और कार्ड कंपनी से तुरंत बात करने की सलाह दी। शुरुआत में परिवार में तनाव का माहौल रहा, लेकिन बाद में माहौल हल्का भी हुआ।
दिलचस्प बात यह है कि यह पहला मौका नहीं है जब आयुष्मान इस तरह की ठगी का शिकार हुए हों। उनके भाई ने व्लॉग में बताया कि इससे पहले भी उनके अकाउंट से करीब 80 हजार रुपये कट चुके हैं। इसी बात को लेकर परिवार ने मजाक में कहा कि आयुष्मान तो जैसे ऐसे फ्रॉड के “रेगुलर कस्टमर” बन गए हैं।