Middle East Crisis: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और बदलते सुरक्षा हालात के बीच सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान ने रक्षा क्षेत्र में बड़ा कदम उठाया है। तीनों मुस्लिम देशों ने मक्का में एक संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत किसी एक सदस्य देश पर होने वाले हमले को तीनों देशों के खिलाफ हमला माना जाएगा।
Knews Desk- पश्चिम एशिया में लगातार बदल रहे भू-राजनीतिक हालात के बीच मुस्लिम दुनिया में एक नया रणनीतिक समीकरण उभरता दिखाई दे रहा है। सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान ने अपने सैन्य और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने के लिए संयुक्त रक्षा समझौता किया है।
मक्का में हुए इस समझौते को क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस समझौते के दौरान सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोगन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर मौजूद रहे।
इस रक्षा समझौते की सबसे महत्वपूर्ण बात सामूहिक सुरक्षा से जुड़ी बताई जा रही है। इसके तहत सऊदी अरब, तुर्की या पाकिस्तान में से किसी एक देश पर बाहरी हमला होने की स्थिति में उसे तीनों देशों के खिलाफ हमला माना जाएगा। यानी संकट की स्थिति में तीनों देश एक-दूसरे की सुरक्षा के लिए साथ खड़े हो सकते हैं।
लंबे समय से चल रही थी बातचीत
रिपोर्ट के अनुसार, इस समझौते के पीछे करीब एक साल से कूटनीतिक स्तर पर बातचीत चल रही थी। तीनों देशों के बीच रक्षा और रणनीतिक सहयोग बढ़ाने को लेकर लगातार संपर्क बना हुआ था। अब मक्का में समझौते पर मुहर लगने के बाद यह सहयोग औपचारिक रूप से एक नए स्तर पर पहुंच गया है।
सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान तीनों ही इस्लामी दुनिया में सैन्य और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। ऐसे समय में इन देशों का रक्षा सहयोग बढ़ाना खास माना जा रहा है, जब पश्चिम एशिया कई मोर्चों पर तनाव और संघर्ष का सामना कर रहा है।
इस नए रक्षा समझौते के बाद क्षेत्रीय सुरक्षा और शक्ति संतुलन पर इसके असर को लेकर भी चर्चा तेज हो सकती है। आने वाले समय में यह गठजोड़ पश्चिम एशिया की राजनीति और सुरक्षा रणनीति को किस तरह प्रभावित करता है, इस पर दुनिया की नजर रहेगी।