KNEWS DESK- एअर इंडिया की दिल्ली से वॉशिंगटन डीसी जा रही फ्लाइट AI103 में मंगलवार, 2 जुलाई को एक तकनीकी खराबी सामने आई, जिसके चलते विमान को वियना (ऑस्ट्रिया) में आपात ठहराव के बाद उड़ान को रद्द करना पड़ा।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि विमान को वियना में ईंधन भरने के लिए रोका गया था, जहां नियमित जांच के दौरान तकनीकी समस्या का पता चला। इस खराबी को ठीक करने में अधिक समय लगने के कारण विमान को वाशिंगटन के लिए रवाना नहीं किया जा सका और यात्रियों को विमान से उतार दिया गया।
एअर इंडिया ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था और पूर्ण धनवापसी की पेशकश की है।
-
जिन यात्रियों के पास वैध शेंगेन वीजा था या जो वीजा-मुक्त प्रवेश के पात्र थे, उन्हें वियना में होटल में ठहरने की सुविधा दी गई।
-
अन्य यात्रियों के लिए ऑस्ट्रियाई अधिकारियों से इमिग्रेशन और सुरक्षा मंजूरी मिलने तक विशेष व्यवस्था की गई।
फ्लाइट AI103 के रद्द होने के बाद वॉशिंगटन डीसी से दिल्ली लौटने वाली फ्लाइट AI104 को भी रद्द करना पड़ा। इन यात्रियों को भी वैकल्पिक उड़ानों में बुक किया गया और उनकी प्राथमिकताओं के आधार पर पूर्ण रिफंड दिया गया।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बयान में कहा, “हमें हुई असुविधा के लिए खेद है, लेकिन यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह फैसला उड़ान से पहले की सुरक्षा जांच प्रक्रिया के तहत लिया गया था। एअर इंडिया और इसकी सहायक कंपनी एअर इंडिया एक्सप्रेस हर दिन 1,100 से अधिक उड़ानें संचालित करती हैं, जिसमें करीब 1.5 लाख यात्री यात्रा करते हैं।
हाल ही में एयरलाइन ने स्वीकार किया है कि वह यूरोप और पूर्वी एशिया में हवाई अड्डों पर प्रतिबंध, हवाई क्षेत्र बंद होने और हवाई यातायात की भीड़ जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है।
एअर इंडिया ने हाल ही में घोषणा की थी कि वह सुरक्षित संचालन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखने के लिए स्वेच्छा से उड़ान पूर्व सुरक्षा जांच बढ़ाएगी और आवश्यकता पड़ने पर सेवाओं को अस्थायी रूप से कम करेगी।
ये भी पढ़ें- दबंगईः अस्पताल संचालक ने आयुष्मान कार्ड धारक मरीज का इलाज करने से किया इंकार, ऑपरेशन थियेटर से बाहर निकाला