पानीपत गोदाम हादसा: कपड़ों के ढेर के नीचे दबकर दो मासूम बच्चियों की मौत, एक घायल

Knews Desk- हरियाणा के पानीपत जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भैंसवाल रोड स्थित श्री लक्ष्मी एंटरप्राइजेज के वेस्ट कपड़ों के गोदाम में खेलते समय कपड़ों का भारी ढेर गिरने से तीन मासूम बच्चियां दब गईं, जिनमें से दो की मौत हो गई जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई की रहने वाली गुड्डी अपनी साढ़े चार वर्षीय बेटी प्रज्ञा के साथ गोदाम में काम करने आई थी। इसी तरह कच्चा कैंप क्षेत्र की निवासी रामा अपनी ढाई वर्षीय बेटी सोनम और नीलम अपनी पांच वर्षीय बेटी रोशनी के साथ कपड़ों की छंटाई के काम में जुटी हुई थीं। काम के दौरान तीनों बच्चियां गोदाम में ही एक साथ खेल रही थीं और कपड़ों के बीच छिपने की कोशिश कर रही थीं।

सुबह करीब 10:15 बजे अचानक बच्चियां नजर से ओझल हो गईं, जिसके बाद कर्मचारियों और परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। बाद में गोदाम में कपड़ों का बड़ा ढेर गिरा हुआ दिखाई दिया। जब कर्मचारियों ने कपड़ों को हटाया तो तीनों बच्चियां उसके नीचे दबी हुई मिलीं।

घायलों को तत्काल पानीपत के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ढाई वर्षीय सोनम और साढ़े चार वर्षीय प्रज्ञा को मृत घोषित कर दिया। वहीं पांच वर्षीय रोशनी का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि बच्चियां कपड़ों के ढेर के बीच बने खाली स्थान में खेल रही थीं, तभी अचानक ऊपर से भारी मात्रा में कपड़े गिर पड़े। रोशनी ने बताया कि उसने मदद के लिए आवाज लगाने की कोशिश की, लेकिन कपड़ों के नीचे फंसने के कारण कोई आवाज बाहर नहीं जा सकी।

इस दर्दनाक घटना के बाद गोदाम में काम करने वाले कर्मचारियों और परिजनों में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है कि गोदाम में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *