हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने फूड सेफ्टी ऑफिसर के 45 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 28 सितंबर 2026 से शुरू होंगे और इच्छुक उम्मीदवार 19 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
Knews Desk- HPSC की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक फूड सेफ्टी ऑफिसर के कुल 45 पदों को भरा जाएगा। भर्ती का नोटिफिकेशन 18 सितंबर 2026 को जारी किया गया था। उम्मीदवार निर्धारित तारीख से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इस भर्ती के लिए फूड टेक्नोलॉजी, डेयरी टेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, ऑयल टेक्नोलॉजी, एग्रीकल्चर साइंस, वेटरनरी साइंस, बायोकेमिस्ट्री या माइक्रोबायोलॉजी में डिग्री रखने वाले उम्मीदवार पात्र होंगे। इसके अलावा केमिस्ट्री में मास्टर डिग्री या मेडिसिन में डिग्री हासिल करने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।
आवेदक ने अपनी 10वीं या उससे ऊपर की कक्षा में हिंदी या संस्कृत विषय की पढ़ाई की होनी चाहिए। उम्मीदवारों की उम्र 21 से 42 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
उम्मीदवारों का चयन स्क्रीनिंग टेस्ट या लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा में संबंधित विषयों के साथ जनरल नॉलेज से जुड़े बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जा सकते हैं। परीक्षा में निर्धारित मानकों के अनुसार सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू के दौरान जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार HPSC की आधिकारिक वेबसाइट hpsc.gov.in पर जाकर भर्ती से संबंधित लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर आवेदन फॉर्म भरना होगा। उम्मीदवारों को आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के बाद निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।