युवराज सिंह के पिता योगराज को बड़ा झटका, विवादित डायलॉग मामले में कोर्ट ने खारिज की अग्रिम जमानत

KNEWS DESK – पूर्व क्रिकेटर और अभिनेता Yograj Singh की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। विवादित डायलॉग मामले में चंडीगढ़ जिला अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। अदालत के इस फैसले के बाद अब योगराज सिंह पर गिरफ्तारी का खतरा मंडरा रहा है।

यह पूरा मामला हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज Lukkhe से जुड़ा हुआ है। अमेजन प्राइम पर 8 मई 2026 को रिलीज हुई इस सीरीज का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में योगराज सिंह अपने किरदार फतेह सिंह के रूप में एक महिला पुलिस अधिकारी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आए थे।

वायरल क्लिप सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। कई यूजर्स ने इस डायलॉग को महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताया। इसके बाद चंडीगढ़ के दो वकीलों ने योगराज सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि इस तरह की भाषा समाज पर गलत असर डाल सकती है और युवाओं के बीच महिलाओं के प्रति गलत सोच को बढ़ावा दे सकती है।

मामले के तूल पकड़ने के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने जांच शुरू कर दी। वहीं Punjab State Commission for Women ने भी इस पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।

बढ़ते विवाद को देखते हुए वेब सीरीज के निर्माताओं ने विवादित डायलॉग को एपिसोड से हटाने का फैसला लिया। हालांकि, कानूनी कार्रवाई अभी भी जारी है। इसी सिलसिले में योगराज सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत की मांग की थी, लेकिन अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी।

अब इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा लगातार चर्चा में बना हुआ है।