‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में सत्ता की लड़ाई और तेज हो गई है। ‘लस्सी फैक्ट्री’ टास्क के दौरान रूलर्स ने हार्ड लेवल चुना, लेकिन कंटेनर टूटने से चुनौती रद्द हो गई। इसके बाद प्रियंका चाहर चौधरी और शहजाद पूनावाला के बीच तीखी बहस हुई, जबकि तेज प्रताप यादव ने अपनी निजी जिंदगी और तलाक को लेकर कई बातें साझा कीं।
Knews Desk – अमेजन एमएक्स प्लेयर और प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहे रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में सत्ता की भूख और आपसी खींचतान अपने चरम पर पहुंचती नजर आ रही है। शो के हालिया एपिसोड में ‘लस्सी फैक्ट्री’ टास्क के दौरान वर्कर्स और रूलर्स के बीच तनाव बढ़ गया। प्राइज पॉट पर नजर लगाए बैठे वर्कर्स के लिए यह टास्क सत्ता का समीकरण बदलने का मौका था, लेकिन रूलर्स के फैसले, आपसी कलह और टूटते सब्र ने पूरे खेल को विवाद में बदल दिया।
टास्क के नियमों के मुताबिक, वर्कर्स को प्रोसेसिंग टैंक से लस्सी रूलर्स के ढाबे तक पहुंचाने के लिए 60 मिनट का समय दिया गया था। एक वर्कर को प्लेटफॉर्म पर रस्सी के सहारे बाल्टी नीचे उतारनी थी, जबकि नीचे आंखों पर पट्टी बांधे दो वर्कर्स को सिर पर रखी बाल्टियों में लस्सी जमा करनी थी।
टास्क शुरू होने से पहले रूलर्स को कठिनाई का स्तर चुनना था। ईजी लेवल पर वर्कर्स को 10 लाख रुपये, मीडियम पर 15 लाख रुपये और हार्ड लेवल पर 20 लाख रुपये मिल सकते थे। हालांकि, अगर वर्कर्स टास्क पूरा करने में नाकाम रहते, तो संबंधित रकम रूलर्स के खाते में चली जाती। वर्कर्स ने मीडियम लेवल की मांग की, लेकिन रूलर्स ने हार्ड लेवल चुना। इसके बाद शहजाद पूनावाला ने प्रियंका चाहर चौधरी पर तंज कसते हुए उन्हें वर्कर्स के नुकसान का जिम्मेदार ठहराया।
टास्क के दौरान रूलर्स ने निगरानी के लिए राज ग्रोवर को नीचे भेजने का फैसला किया। इस पर निहारिका तिवारी भावुक हो गईं। अपने पुराने साथियों के साथ हो रहे व्यवहार को देखकर उनका गुस्सा सामने आया। वहीं, नीचे पहुंचे राज की निगरानी का वर्कर्स ने विरोध किया और उनके निर्देशों को मानने से इनकार कर दिया।
इसी बीच टास्क का मुख्य कंटेनर टूट गया, जिसके चलते चुनौती बिना किसी नतीजे के रद्द हो गई। 20 लाख रुपये जीतने और पेंटहाउस पर कब्जा करने की उम्मीद लगाए बैठे वर्कर्स को निराशा हाथ लगी। टास्क रुकने के बाद वर्कर्स का गुस्सा भी सामने आया, जबकि रूलर्स अपनी सत्ता बचाने में कामयाब रहे।
टास्क रद्द होने के बाद टावर में तनाव और बढ़ गया। निहारिका का वर्कर्स के प्रति झुकाव देखकर इरिना रुदाकोवा ने उनकी वफादारी पर सवाल उठाए। वहीं, प्रियंका चाहर चौधरी और शहजाद पूनावाला के बीच भी तीखी बहस देखने को मिली। बातचीत के दौरान दोनों के बीच व्यक्तिगत टिप्पणियां हुईं और शहजाद ने गेम छोड़कर जाने की धमकी तक दे दी। हालांकि, प्रियंका ने भी पीछे हटने के बजाय पलटवार किया। इस बहस के बाद टावर में सदस्यों के आपसी रिश्तों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई।
एपिसोड में तेज प्रताप यादव की निजी जिंदगी से जुड़ा खुलासा भी चर्चा में रहा। उन्होंने अपने तलाक के बारे में बात करते हुए वैवाहिक जीवन से जुड़े कुछ अनुभव साझा किए। तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी उन्हें घर से बाहर नहीं जाने देती थीं और देर रात तक पार्टियां करती थीं। उन्होंने यह भी दावा किया कि तलाक के दौरान उन्होंने अपनी पत्नी का एक वीडियो अदालत में पेश किया था।
इस तरह ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ के इस एपिसोड में टास्क की नाकामी, सत्ता की खींचतान और सदस्यों के बीच व्यक्तिगत विवाद देखने को मिले। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अगले टास्क में वर्कर्स को सत्ता बदलने का मौका मिलता है या रूलर्स टावर पर अपना नियंत्रण बनाए रखते हैं।