KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी इन दिनों अपनी नई फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में हरिद्वार पहुंचे हुए हैं। लेकिन शूटिंग के दौरान एक छोटे से सेटअप ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। हरकी पौड़ी के पास शूटिंग लोकेशन पर लगाए गए एक बोर्ड को लेकर स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों ने कड़ा विरोध जताया, जिसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
मामला उस समय शुरू हुआ जब शूटिंग के लिए एक होटल के बाहर ‘कैफे एंड बार’ लिखा हुआ बोर्ड लगाया गया। स्थानीय लोगों का आरोप था कि हरिद्वार जैसे धार्मिक और आस्था के केंद्र में इस तरह का बोर्ड लगाना उचित नहीं है। उनका कहना था कि गंगा तट और हरकी पौड़ी जैसे पवित्र स्थल के आसपास ऐसे शब्दों का इस्तेमाल श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत कर सकता है।
विरोध बढ़ने के साथ ही कई स्थानीय लोग और तीर्थ पुरोहित मौके पर पहुंच गए। कुछ लोगों ने फिल्म यूनिट से बोर्ड लगाने की अनुमति के बारे में सवाल पूछे। इस दौरान सेट पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच बहस और हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में कुछ लोग शूटिंग टीम से बोर्ड हटाने की मांग करते नजर आए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि धार्मिक नगरी की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और इस तरह के दृश्य यहां स्वीकार नहीं किए जा सकते।
विवाद को बढ़ता देख फिल्म यूनिट ने तुरंत कदम उठाया और बोर्ड से ‘बार’ शब्द हटा दिया। इसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो गई और शूटिंग का काम फिर से शुरू हो सका। हालांकि इस घटना ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो इमरान हाशमी जल्द ही अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ दिशा पटानी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं और इसके रिलीज को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है।