KNEWS DESK – भारत में दर्शकों के मनोरंजन के सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन, प्राइम वीडियो ने आज अपनी आने वाली कॉमेडी-ड्रामा सीरीज़ ग्राम चिकित्सालय सीज़न 2 का मज़ेदार ट्रेलर रिलीज़ किया, जिसे देखकर दर्शक अपनी हँसी रोक नहीं पाएँगे। द वायरल फीवर द्वारा प्रोड्यूस की गई और ललितम तिवारी के निर्देशन में बनी इस सीरीज़ की कहानी वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव ने लिखी है, जिसे दीपक कुमार मिश्रा और अरुणाभ कुमार ने मिलकर तैयार किया है। हँसते-हँसते लोटपोट कर देने वाले इस ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे डॉ. प्रभात भठकंडी के एक बदहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को फिर से पहले जैसा बनाने के लिए मुश्किलों से जूझ रहे हैं, पर उन्हें जल्द ही समझ आ जाता है कि कुछ बीमारियों का इलाज दवाइयों से नहीं होता, बल्कि इसके लिए बिल्कुल अलग तरीका अपनाना पड़ता है। ग्राम चिकित्सालय सीज़न 2 में अमोल पाराशर, आकाश मखीजा, आनंदेश्वर द्विवेदी, विनय पाठक, आकांक्षा रंजन कपूर, और गरिमा विक्रांत सिंह फिर से अपने-अपने किरदारों में नज़र आने वाले हैं, जबकि इस बार दिनेश लाल यादव भी एक अहम किरदार निभाकर इस सीरीज़ से जुड़ने वाले हैं। यह नया सीज़न भारत के साथ-साथ दुनिया भर के 240 देशों एवं क्षेत्रों में 23 जून को सिर्फ़ प्राइम वीडियो पर हिंदी में प्रीमियर के लिए तैयार है।
इस ट्रेलर में डॉ. प्रभात (अमोल पाराशर) के उस मिशन की झलक दिखाई गई है जिसमें वे भठकंडी के एक बदहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को फिर से पहले जैसा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। जब उन्हें इस बात का भरोसा हो जाता है कि अब गाँव वाले उनके साथ हैं, तभी नई-नई चुनौतियां उनके सामने आकर खड़ी हो जाती हैं। डॉ. प्रभात को लगता है कि अगर उनके अस्पताल को “आदर्श पीएचसी” का खिताब मिल जाए, तो सारी मुश्किलें खत्म हो जाएंगी। पर उन्हें जल्द ही समझ आ जाता है कि कामयाबी सिर्फ डॉक्टरी की डिग्री और अच्छा अस्पताल चलाने से नहीं मिलती है। गाँव वालों के अजीबोगरीब रवैये, स्थानीय राजनीति के चक्कर, लोगों के दिलों में बसे शक और जरूरी सामानों की हमेशा रहने वाली कमी के बीच, क्या डॉ. प्रभात भठकंडी की इन परेशानियों का सही इलाज ढूंढ पाएंगे, या फिर साबित हो जाएगा की ये सब ठीक करना उनके बस की बात नहीं?
https://www.instagram.com/reel/DZeqvG0qaiE/?igsh=MXVyOGYwZ3Z2dnp4dw==
इस सीरीज़ में डॉ. प्रभात का मुख्य किरदार निभाने वाले अमोल पाराशर ने कहा, “इस नए चैप्टर में भठकंडी में मेरे किरदार का सफ़र कुछ इस तरह आगे बढ़ता है, जैसा किसी ने सोचा भी नहीं होगा। उसे थोड़ी-बहुत कामयाबी तो मिली है, पर उसके सामने नई-नई मुसीबतें भी आकर खड़ी हो गई हैं। मुझे इस सीरीज़ की सबसे अच्छी बात ये लगी कि इसमें गाँव के अस्पतालों की असली और गंभीर दिक्कतों को बखूबी पर्दे पर उतारा गया है, और फिर उन्हें मजाक, अपनेपन के भाव, कॉमेडी और जज्बातों के साथ इस तरह पेश करता है कि इसकी कहानी हर उम्र और क्षेत्र के दर्शकों को अपनी सी लगती है।”
चेतन कुमार का किरदार निभाने वाले विनय पाठक ने कहा, “टीवीएफ ने हमेशा से ही ज़मीन से जुड़ी और आम लोगों की कहानियों को पेश किया है, जो सीधा दर्शकों के दिलों में उतर जाती हैं और ‘ग्राम चिकित्सालय’ इसकी सबसे अच्छी मिसाल है। इस शो की खासियत यह है कि यह गाँव के अस्पतालों के सच और वहाँ के लोगों की जिंदगी को अपनेपन के भाव, हँसी-मजाक और सच्चे जज्बातों के साथ दिखाता है। नए सीज़न में आपसी रिश्ते और गहरे होंगे, मुश्किलें और ज़्यादा उलझी हुई होंगी, और इन किरदारों का सफ़र और भी मज़ेदार हो जाएगा। मुझे उस लम्हे का बेसब्री से इंतज़ार है जब दर्शक दोबारा इस माहौल में वापस आएँगे और पूरे गाँव के साथ फिर से जुड़ेंगे।”
डॉ. गार्गी का किरदार निभाने वाली आकांक्षा रंजन कपूर ने कहा, “इस नए सीज़न में गाँव के अस्पतालों की बदहाली, गाँव की राजनीति और आम लोगों की रोज़ की मुश्किलों को एक नए नज़रिए से पेश किया गया है। मेरा किरदार जमीन से जुड़ा और आगे बढ़ने की चाह रखने वाला है, पर उसे यह भी अच्छे से पता है कि जिन हालातों में वो काम कर रही है, उनमें क्या मुमकिन है और क्या नहीं। मुझे अपने किरदार की एक बात सबसे अच्छी लगी कि वो किसी से डरती नहीं और अपने दिल की बात खुलकर कहना जानती है। फिर से एक ऐसी कहानी का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लगा जो बिल्कुल सच्ची लगती है, और लोगों के मनोरंजन के साथ-साथ कुछ अच्छा करने की सीख भी देती है।”
बाबू साहब का किरदार निभाने वाले दिनेश लाल यादव ने कहा, “ग्राम चिकित्सालय का पहला सीज़न रिलीज़ होने के तुरंत बाद मैंने भी इसे देखा, और मुझे ये बात सबसे अच्छी लगी कि इसे बहुत ही खूबसूरती से बनाया गया था। इसमें गाँव के माहौल, रोज़ की भागदौड़ और मुश्किलों, लोगों के बीच आपसी मेलजोल और बाहरी लोगों पर भरोसा न करने जैसी बातों को बड़ी सच्चाई से, लेकिन हल्के-फुल्के अंदाज़ में दिखाया गया है। इस सीरीज़ की सबसे अच्छी बात यही है कि यह असली दिक्कतों को दिखाती है, पर इस अंदाज़ में कि आपके चेहरे पर मुस्कान आ जाए, आप हँसने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर हो जाएं। असल जिंदगी से जुड़ी ऐसी कहानियाँ पेश करने के लिए मैं टीवीएफ का शुक्रगुज़ार हूँ, और प्राइम वीडियो का भी, जो ज़मीन से जुड़ी इन भारतीय कहानियों को दुनिया के कोने-कोने में मौजूद दर्शकों तक पहुँचा रहे हैं।”
ग्राम चिकित्सालय का दूसरा सीज़न प्राइम डे के लिए प्राइम वीडियो की ब्लॉकबस्टर सूची में शामिल हो गया है। इस साल जुलाई में, अमेज़न प्राइम डे अपने दसवें एडिशन के साथ भारत में वापस आ रहा है। प्राइम मेंबर्स के लिए इस बार ज़बरदस्त डील्स, भारी बचत, नए-नए प्रोडक्ट्स के लॉन्च और ब्लॉकबस्टर मनोरंजन के साथ बहुत कुछ खास होने वाला है।