सैफ अली खान के दो कर्मचारियों ने किया बड़ा खुलासा, आइडेंटिफिकेशन परेड में आरोपी शरीफुल की हुई पहचान

KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के आरोपी शरीफुल इस्लाम का मुंबई की ऑर्थर रोड जेल में पहचान परेड हुआ। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सैफ के दोनों स्टाफ सदस्य आरियामा फिलिप और जुनू ने आरोपी की पहचान की और पुष्टि की कि वह वही शख्स है जिसने अभिनेता के घर में घुसकर उन्हें हमला किया था।

घर में घुसकर किया हमला

शरीफुल इस्लाम, जो एक बांग्लादेशी नागरिक है, ने सैफ अली खान के घर में घुसकर उन पर चाकू से हमला किया था। इस हमले में अभिनेता को गंभीर चोटें आईं, और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी सर्जरी की गई। घटना के बाद से सैफ और उनके परिवार को गहरी चिंता का सामना करना पड़ा।

वारदात के तीन दिन बाद पुलिस ने शरीफुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस गिरफ्तारी को लेकर कई संदेह उठाए गए थे और लोग सवाल उठा रहे थे कि क्या पुलिस ने असली अपराधी को पकड़ा है। अब, आइडेंटिफिकेशन परेड में सैफ के कर्मचारियों ने आरोपी की पहचान की, जिससे यह साबित हो गया कि पुलिस ने सही व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के पास हैं मजबूत सबूत

मुंबई पुलिस ने बताया कि उनके पास आरोपी के खिलाफ कई मजबूत सबूत हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को सैफ अली खान के घर पर हमले से जोड़ा गया है। सीसीटीवी फुटेज और चेहरे की पहचान के परीक्षणों में आरोपी की पहचान सही पाई गई है। इसके अलावा, पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी करने के इरादे से सैफ के घर में घुसा था, और उसे टेक्निकल और शारीरिक सबूतों से भी जोड़ा गया है।

अफवाहों का खंडन

पिछले महीने, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त परमजीत सिंह दहिया ने अफवाहों का खंडन किया था कि आरोपी के फिंगरप्रिंट मेल नहीं खा रहे थे। उन्होंने कहा, “हमने आरोपी के खिलाफ कई प्रकार के सबूत एकत्र किए हैं। हम सही व्यक्ति को पकड़ने में सफल रहे हैं।” इसके बाद यह साफ हो गया कि गिरफ्तारी पूरी तरह से वैध और सही थी।

About Post Author