भोजपुरी बवाल में इमोशनल हुए तेज प्रताप यादव, बोले- परिवार से अलग होने का दिन बहुत दर्दनाक था

KNEWS DESK – जियोहॉटस्टार के भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में इन दिनों खूब हंगामा देखने को मिल रहा है। शो में भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे एक-दूसरे पर बयानबाजी करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इन सबके बीच बिहार के बड़े राजनीतिक परिवार से आने वाले तेज प्रताप यादव अपने जॉली अंदाज से दर्शकों का दिल जीत रहे हैं।

अब शो का एक नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें तेज प्रताप यादव काफी भावुक नजर आ रहे हैं। प्रोमो में वह अपने भतीजे और तेजस्वी यादव के बेटे इराज के पहले जन्मदिन को लेकर अपनी भावनाएं जाहिर करते दिख रहे हैं।

इराज के जन्मदिन पर भावुक हुए तेज प्रताप

प्रोमो में तेज प्रताप यादव इराज के पहले जन्मदिन में शामिल होने जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वह कहते हैं कि इराज आज एक साल का हो गया है और वह उसके बड़े पापा हैं, इसलिए उनके अंदर भी बेचैनी है।

तेज प्रताप आगे कहते हैं कि जब वह इराज को गोद में लेने की कोशिश करते हैं तो वह रोने लगता है। वह मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि इराज उन्हें देखकर शायद यही सोचता है कि ये तो बाहरी हैं।

प्रोमो में इराज के बर्थडे सेलिब्रेशन की कई झलकियां भी देखने को मिलती हैं। पार्टी में ब्लू और व्हाइट थीम रखी गई थी। परिवार के कई सदस्य इस खास मौके पर मौजूद नजर आए।

परिवार से अलग होने का दर्द भी किया बयां

इराज के जन्मदिन की खुशी के बीच तेज प्रताप ने अपने परिवार से अलग होने के मुश्किल दौर को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जिस दिन वह परिवार से अलग हुए थे, वह उनके लिए बेहद दर्दनाक दिन था।

तेज प्रताप ने कहा कि आज भी उस दिन को याद करते हैं तो उनके रोंगटे खड़े हो जाते हैं। उन्होंने भगवान से प्रार्थना करते हुए कहा कि किसी आम इंसान के जीवन में भी ऐसा दिन न आए।

6 साल के लिए RJD से हुए थे निष्कासित

बता दें कि मई 2025 में लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप यादव को राष्ट्रीय जनता दल से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। साथ ही उन्होंने कहा था कि तेज प्रताप की पार्टी और परिवार में किसी भी तरह की भूमिका नहीं रहेगी।

लालू प्रसाद यादव ने उस समय तेज प्रताप के निजी जीवन और सार्वजनिक आचरण को लेकर नाराजगी जताई थी। इस फैसले के बाद परिवार से उनके रिश्ते को लेकर भी काफी चर्चा हुई थी।

अब ‘भोजपुरी बवाल’ के प्रोमो में तेज प्रताप का भावुक अंदाज देखकर फैंस उनके इस पक्ष को लेकर भी चर्चा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *