Knews Desk– बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। निर्देशक सूरज बड़जात्या की इस फैमिली म्यूजिकल एंटरटेनर की शूटिंग आधिकारिक तौर पर पूरी हो चुकी है। फिल्म के सेट से सामने आई रैप-अप तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें पूरी स्टारकास्ट और क्रू शूटिंग पूरी होने की खुशी मनाते नजर आ रहे हैं। अब फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन चरण में प्रवेश कर चुकी है और मेकर्स इसे तय समय पर सिनेमाघरों तक पहुंचाने की तैयारी में जुट गए हैं।
फिल्म की घोषणा अप्रैल 2026 में की गई थी। अनाउंसमेंट के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि इस फिल्म में पहली बार आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की नई जोड़ी बड़े पर्दे पर रोमांस करती नजर आएगी। सूरज बड़जात्या की फिल्मों की पहचान हमेशा पारिवारिक मूल्यों, भावनाओं और संगीत से जुड़ी रही है, इसलिए दर्शकों को इस फिल्म से भी काफी उम्मीदें हैं।मुंबई में फिल्म के आखिरी शेड्यूल की शूटिंग पूरी होने के बाद पूरी टीम ने सेट पर रैप-अप सेलिब्रेट किया। सामने आई ग्रुप फोटो में निर्देशक सूरज बड़जात्या, आयुष्मान खुराना, शरवरी वाघ, दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर और फिल्म की पूरी कास्ट एवं क्रू एक साथ दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों में राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्मों जैसा पारिवारिक माहौल साफ नजर आ रहा है, जिसने फैंस का दिल जीत लिया।
अनुपम खेर ने भी शूटिंग पूरी होने की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए साझा की। उन्होंने तस्वीरों के साथ भावुक पोस्ट लिखते हुए सूरज बड़जात्या और पूरी टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस फिल्म की शूटिंग उनके लिए बेहद यादगार अनुभव रही और अब उन्हें दर्शकों के बीच फिल्म के पहुंचने का बेसब्री से इंतजार है। अनुपम खेर ने पूरी टीम की मेहनत, प्यार और समर्पण की भी जमकर तारीफ की।’ये प्रेम मोल लिया’ आयुष्मान खुराना के करियर की भी एक खास फिल्म मानी जा रही है। इस फिल्म में वह पहली बार राजश्री प्रोडक्शंस के प्रतिष्ठित किरदार ‘प्रेम’ को निभाते नजर आएंगे। इससे पहले सलमान खान इस किरदार को ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ-साथ हैं’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ जैसी फिल्मों में निभाकर यादगार बना चुके हैं। ऐसे में आयुष्मान का इस आइकॉनिक किरदार को निभाना फैंस के लिए काफी दिलचस्प रहने वाला है।
फिल्म का एक और बड़ा आकर्षण निर्देशक सूरज बड़जात्या और संगीतकार हिमेश रेशमिया की वापसी है। दोनों करीब 11 साल बाद किसी फिल्म में साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों की जोड़ी साल 2015 में रिलीज हुई ‘प्रेम रतन धन पायो’ में नजर आई थी। ऐसे में फिल्म के संगीत को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है।राजश्री प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म में आयुष्मान खुराना, शरवरी वाघ और अनुपम खेर के अलावा कई अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। शूटिंग पूरी होने के बाद अब मेकर्स पोस्ट-प्रोडक्शन का काम तेजी से पूरा करेंगे। पारिवारिक मनोरंजन, रोमांस, संगीत और भावनाओं से भरपूर ‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फैंस को उम्मीद है कि सूरज बड़जात्या एक बार फिर अपने खास अंदाज में दर्शकों का दिल जीतने में सफल रहेंगे।