संचिता उगाले अक्सर करती थीं जान देने की बात, करीबी दोस्त ने किया चौंकाने वाला खुलासा

KNEWS DESK – टीवी शो ‘कुमकुम भाग्य’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री संचिता उगाले के निधन की खबर ने मनोरंजन जगत को झकझोर कर रख दिया है। उनकी मौत के बाद जहां परिवार और फैंस सदमे में हैं, वहीं अब उनकी करीबी दोस्त और को-स्टार मेघा शर्मा ने कुछ ऐसे खुलासे किए हैं, जिन्होंने सभी को हैरान कर दिया है।

मीडिया से बातचीत में मेघा शर्मा ने बताया कि संचिता पिछले कुछ समय से डिप्रेशन से जूझ रही थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। मेघा के अनुसार, जनवरी से ही वह निजी कारणों की वजह से मानसिक तनाव में थीं। उन्होंने कहा कि संचिता अक्सर आत्महत्या जैसी बातें करती थीं, लेकिन परिवार और दोस्त उन्हें लगातार सकारात्मक रहने के लिए प्रेरित करते थे।

मेघा ने बताया कि करीब 10 दिन पहले ही उनकी मुलाकात संचिता से हुई थी। वह उन्हें एक ऑडिशन के लिए लेकर गई थीं और संचिता को पूरा भरोसा था कि उनका चयन हो जाएगा। हालांकि बाद में उनका फोन बंद आने लगा। मेघा ने कहा कि संचिता बेहद हंसमुख और बेफिक्र स्वभाव की थीं, इसलिए उनके इस कदम ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है।

https://www.instagram.com/reel/DZhH5LCTdkv/

संचिता ने पिछले साल एक इंटरव्यू में अपने संघर्षों का जिक्र भी किया था। उन्होंने बताया था कि अभिनय की दुनिया में पहचान बनाने के लिए उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वह रोजाना 17 से 18 घंटे तक काम करती थीं, जिसके कारण अपनी सेहत, परिवार और दोस्तों के लिए समय नहीं निकाल पाती थीं।

उन्होंने यह भी बताया था कि शुरुआत में परिवार को उनके अभिनेत्री बनने के सपने के बारे में पता नहीं था। मिडिल क्लास परिवार से आने वाली संचिता घरवालों से क्लास जाने का बहाना बनाकर थिएटर करती थीं। बाद में जब उन्हें काम मिलने लगा तो परिवार का समर्थन भी मिलने लगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट से गुजर रहा है, तो तुरंत परिवार, दोस्तों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें। भारत में टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 या 1-800-891-4416 पर 24×7 सहायता उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *