KNEWS DESK – बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने की तैयारी में हैं. पिछले कुछ समय से उनकी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है, लेकिन अब सलमान एक ऐसे मेगा प्रोजेक्ट के साथ वापसी करने जा रहे हैं, जिसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है. खास बात ये है कि इस बार सलमान साउथ इंडस्ट्री के बड़े नामों के साथ हाथ मिला चुके हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान इन दिनों डायरेक्टर वामशी पेडिपल्ली की हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म पर काम कर रहे हैं. फिलहाल इस फिल्म का टेंटेटिव टाइटल ‘SVC63’ बताया जा रहा है. फिल्म को मशहूर प्रोड्यूसर दिल राजू प्रोड्यूस कर रहे हैं और इसे बड़े पैन इंडिया प्रोजेक्ट के तौर पर तैयार किया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि फिल्म का पहला शेड्यूल मुंबई में पूरा हो चुका है और अब टीम अगले बड़े शेड्यूल के लिए हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत शहर मनाली पहुंचने वाली है. मेकर्स वहां फिल्म के कई अहम सीन्स शूट करेंगे. रिपोर्ट्स की मानें तो मनाली का शेड्यूल सिर्फ गानों या विजुअल्स के लिए नहीं, बल्कि कहानी के इमोशनल हिस्से के लिए बेहद अहम होने वाला है. यहां सलमान खान के किरदार से जुड़े परिवार और घर वाले सीन्स शूट किए जाएंगे, जो फिल्म की कहानी को गहराई देंगे.
फिल्म में सलमान खान के साथ पहली बार साउथ सुपरस्टार नयनतारा नजर आएंगी. दोनों की फ्रेश जोड़ी को लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं. वहीं फिल्म को सिर्फ एक्शन एंटरटेनर नहीं, बल्कि इमोशन और फैमिली ड्रामा के साथ पेश किया जाएगा.
दिलचस्प बात ये है कि फिल्म के विलेन को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है. खबरों के मुताबिक, मेकर्स इस दमदार किरदार के लिए अक्षय खन्ना और फहाद फासिल जैसे एक्टर्स के नाम पर विचार कर रहे हैं. कहा जा रहा है कि फिल्म में विलेन का रोल काफी ताकतवर होगा, जो सलमान खान के किरदार को कड़ी चुनौती देता नजर आएगा.
इसके अलावा फिल्म में अनिल कपूर और अरविंद स्वामी जैसे बड़े कलाकारों की एंट्री भी हो चुकी है. हालांकि उनके किरदारों को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. मेकर्स इस फिल्म को बड़े स्केल पर तैयार कर रहे हैं, जिसमें हाई लेवल एक्शन, भारी वीएफएक्स और स्टाइलिश प्रेजेंटेशन देखने को मिलेगा.
रिपोर्ट्स की मानें तो सलमान खान की ये फिल्म साल 2027 के ईद वीकेंड पर रिलीज हो सकती है. फैंस को उम्मीद है कि वामशी पेडिपल्ली इस फिल्म में सलमान को बिल्कुल नए और दमदार अंदाज में पेश करेंगे, जो बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकता है।