knews desk – फिल्म प्रोड्यूसर वासु भगनानी, जैकी भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े ठिकानों पर इनकम टैक्स की रेड की खबरों के बीच एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह ने सफाई दी है। रकुल ने इन खबरों को गलत बताते हुए कहा है कि इन सर्च ऑपरेशंस से उनका कोई संबंध नहीं है और उनके किसी ठिकाने पर रेड नहीं पड़ी है।
रकुल ने इंस्टाग्राम पर एक आधिकारिक बयान जारी कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिस इनकम टैक्स सर्च ऑपरेशन की खबरें सामने आई हैं, उसका उनसे कोई लेना-देना नहीं है। एक्ट्रेस ने कहा कि वह आर्म्ड फोर्सेज बैकग्राउंड से आती हैं और फिल्म इंडस्ट्री में उनका कोई गॉडफादर नहीं रहा है। उन्होंने अपने करियर में मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाने की बात कही।
रकुल ने अपने बयान में यह भी कहा कि वह एक जिम्मेदार और कानून का पालन करने वाली नागरिक हैं और 20 साल की उम्र से अपना पूरा टैक्स भरती आ रही हैं। उन्होंने उन खबरों का भी खंडन किया, जिनमें उन्हें किसी तरह के अवैध लेन-देन से जोड़ा गया था।
https://www.instagram.com/p/DeGdfNeKvhl/
रकुल ने साफ किया कि वह व्यक्तिगत तौर पर या किसी प्रोडक्शन हाउस की ओर से किसी भी तरह के अवैध विदेशी लेन-देन में शामिल नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश या विदेश में उनके नाम पर कोई बेनामी संपत्ति नहीं है। एक्ट्रेस के मुताबिक, उन्हें कभी किसी ने कोई संपत्ति गिफ्ट नहीं की और वह अपने सिद्धांतों के कारण ऐसे महंगे तोहफे स्वीकार भी नहीं करती हैं।
रकुल प्रीत सिंह का वर्कफ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें तो रकुल प्रीत सिंह हाल ही में आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ में नजर आई थीं। फिल्म में उनके साथ सारा अली खान और वामिका गब्बी भी थीं। इससे पहले वह अजय देवगन के साथ ‘दे दे प्यार दे 2’ में दिखाई दी थीं। अब रकुल रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ में नजर आएंगी, जिसमें वह रावण की बहन शूर्पणखा का किरदार निभा रही हैं।