Allu Arjun की ‘राका’ में नजर नहीं आएंगी मृणाल ठाकुर, एक्ट्रेस ने अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी

अल्लू अर्जुन की मच अवेटेड फिल्म ‘राका’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। फिल्म में दीपिका पादुकोण लीड एक्ट्रेस के तौर पर नजर आएंगी। वहीं, मृणाल ठाकुर के फिल्म से जुड़ने की खबरों पर अब एक्ट्रेस ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है।

Knews Desk – साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की आने वाली फिल्म ‘राका’ इन दिनों चर्चा में है। फिल्म के ऐलान के बाद से ही फैंस इससे जुड़ी हर अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं। फिल्म में दीपिका पादुकोण बतौर लीड एक्ट्रेस काम कर रही हैं और वह अपना शूटिंग शेड्यूल लगभग पूरा कर चुकी हैं। इसी बीच मृणाल ठाकुर के भी फिल्म का हिस्सा बनने की खबरें सामने आई थीं। हालांकि, अब एक्ट्रेस ने इन चर्चाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृणाल ठाकुर ने मिड-डे को दिए एक इंटरव्यू में स्पष्ट किया कि वह फिलहाल ‘राका’ का हिस्सा नहीं हैं। जब उनसे अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण की इस फिल्म में काम करने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वह एक अच्छे किरदार का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके किसी नए प्रोजेक्ट को लेकर आधिकारिक घोषणा होगी, तो वह इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए देंगी।

एक्ट्रेस के इस बयान से फिल्म में उनकी एंट्री को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। फिलहाल, मृणाल ने किसी नए प्रोजेक्ट को साइन करने की पुष्टि नहीं की है, हालांकि उनके पास फिल्मों के कई ऑफर मौजूद हैं।

अच्छी कहानी और किरदार की तलाश में हैं मृणाल

इंटरव्यू के दौरान मृणाल ठाकुर ने यह भी बताया कि मौजूदा दौर में बन रही कुछ कहानियां उन्हें खास पसंद नहीं आ रही हैं। इसी वजह से उन्होंने कुछ समय का ब्रेक लेने का फैसला किया है। एक्ट्रेस का मानना है कि किसी फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें लंबे समय तक सेट पर रहना पड़ता है, इसलिए वह अपने प्रोजेक्ट्स का चुनाव सोच-समझकर करना चाहती हैं।

मृणाल ने कहा कि उन्हें एक फिल्म के सेट पर करीब 120 दिन बिताने होते हैं। ऐसे में वह ऐसी फिल्मों में काम करना चाहती हैं, जिनसे उन्हें प्यार और पहचान मिलने के साथ-साथ रचनात्मक संतुष्टि भी मिले। वह चाहती हैं कि जब वह दिन के अंत में सोने जाएं, तो उन्हें अपने काम को लेकर किसी तरह का पछतावा न हो।

एक्ट्रेस का कहना है कि वह ऐसा काम करना चाहती हैं, जिसे 30 साल बाद भी याद रखा जाए। यही वजह है कि वह जल्दबाजी में किसी फिल्म को साइन करने के बजाय सही कहानी और दमदार किरदार का इंतजार कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *