बिग बॉस 20 में मिड-वीक एविक्शन से मचा घमासान, रीति तिवारी हुईं बाहर तो उदिती सिंह बनीं नई कैप्टन

रीति तिवारी के एविक्शन के बाद बिग बॉस 20 के घर का माहौल भावुक होने के साथ-साथ तनावपूर्ण भी हो गया। रीती की विदाई पर आम्रपाली दुबे फूट-फूटकर रोईं, वहीं उदिती सिंह और लवप्रीत गिल के बीच तीखा विवाद देखने को मिला। इसके बाद कप्तानी टास्क में उदिती ने बाजी मारते हुए घर की नई कैप्टन का पद हासिल कर लिया।

Knews Desk – ‘बिग बॉस 20’ के 27वें एपिसोड में मिड-वीक एविक्शन के चलते घर का माहौल बेहद भावुक नजर आया। माही विज, उदिती सिंह और यंग डीएसए के आपसी फैसले के बाद सोशल मीडिया स्टार और भोजपुरी फिल्मस्टार मनोज तिवारी की बेटी रीती तिवारी का बिग बॉस का सफर खत्म हो गया। रीति के जाने के बाद बिग बॉस ने सभी कंटेस्टेंट्स को चेतावनी देते हुए कहा, “जिससे भी लग रहा था यह गंभीर शो नहीं है, उम्मीद है अब उनकी गलतफहमी दूर हो गई होगी।”

रीति तिवारी घर से निकलते वक्त वही ब्लैक ड्रेस पहनकर बाहर आईं, जिसे उन्होंने ‘वीकेंड का वार’ के लिए संभालकर रखा था। कनिका मान और आम्रपाली दुबे उन्हें गले लगाकर फूट-फूटकर रोने लगीं। घर से बाहर जाने से पहले रीति ने कहा कि वह दिल में कोई बात नहीं रखतीं और एक आर्टिस्ट होने के नाते उनका मिजाज थोड़ा अलग है। घरवालों ने ‘आए हाय हाय’ के नारों के साथ उन्हें विदा किया।

हालांकि, रीति की विदाई के बीच ही घर में विवाद खड़ा हो गया। जब रीति जा रही थीं, उस वक्त माही विज और उदिती सिंह किसी बात पर हंस रही थीं। इस पर कुशल तंवर उर्फ गुल्लू नाराज हो गए। गुल्लू ने कहा, “यार, अभी तो मत हंसो।” इस पर माही ने जवाब दिया, “हम किसी और बात पर हंस रहे थे, तू मुझ पर चढ़ मत।”

रीती के जाने पर फूट-फूटकर रोईं आम्रपाली

रीति के एविक्शन के बाद आम्रपाली दुबे खुद को संभाल नहीं पाईं। अरिश्फा खान, मैरी कॉम, आसिफ खान और यंग डीएसए ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की। रोते हुए आम्रपाली ने कहा, “मेरी ही गलती है, मुझे उसे नॉमिनेट नहीं करना चाहिए था।”

दूसरी ओर, माही ने अमन गांधी से कहा कि अब वे दोनों विरोधी गुट की ‘हिट लिस्ट’ में आ चुके हैं और उन्हें बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। बाद में कनिका और गुल्लू ने यंग से घर में चल रहे ‘डबल गेम’ को लेकर नाराजगी जाहिर की। वहीं माही और उदिती ने काजी तौकीर से चर्चा करते हुए कहा कि रीति का बर्ताव पिछले तीन दिनों में अचानक बदल गया था और उन्हें वह काफी फेक लग रही थीं।

उदिती और लवप्रीत के बीच तीखी बहस

उदिती सिंह ने स्काउट और यंग से बातचीत के दौरान लवप्रीत गिल और अरिश्फा खान की अचानक बढ़ी नजदीकियों पर सवाल उठाए। उदिती ने गुल्लू और लवप्रीत के ‘एंगल’ को ‘क्रिंज’ बताया। रात होते-होते यह बात उदिती और लवप्रीत के बीच सीधी बहस में बदल गई।

उदिती ने लवप्रीत को ‘फेक और रीढ़विहीन’ बताते हुए कहा, “आपकी तो स्पाइन ही नहीं है।” इस पर लवप्रीत ने पलटवार करते हुए कहा, “मेरी स्पाइन छोड़ो, तुम्हारा तो शो में कोई योगदान ही नहीं है।”

अगली सुबह आम्रपाली ने अपने ग्रुप यानी स्काउट और लवप्रीत को साफ हिदायत दी कि वे दूसरे ग्रुप से बातचीत पूरी तरह बंद कर दें। उन्होंने कहा कि दूसरे पक्ष के साथ हंसने-बोलने से वे खुद गलत नजर आते हैं। पूरे ग्रुप ने इस बात पर सहमति जताई और दूसरे पक्ष से दूरी बनाने का फैसला किया।

किचन सिंक के बाद शुरू हुआ कप्तानी का दंगल

घर में स्वच्छता का मुद्दा भी गरमा गया, जब उदिती ने किचन सिंक में दांत ब्रश करने की इच्छा जताई। इस पर गुल्लू और माही ने सख्त ऐतराज जताया। बाद में माही और काजी तौकीर ने भी इस बात पर नाराजगी जाहिर की।

इसके बाद कप्तानी टास्क शुरू हुआ। टास्क में सर्कुलर ट्रैक पर दो डंडों के बीच गेंद को बैलेंस करके चलना था। हर बजर पर विरोधी कंटेस्टेंट गेंद गिराने के लिए आ सकते थे।

माही विज ने काजी तौकीर को अपना पार्टनर चुना। उदिती सिंह ने अमन गांधी को चुना, जबकि यंग डीएसए ने स्काउट को अपना पार्टनर बनाया। पहले राउंड में स्काउट ने माही और काजी की गेंद पर लात मारकर उन्हें बाहर कर दिया। दूसरे राउंड में गुल्लू ने आकर यंग और स्काउट की गेंद गिरा दी।

आखिर में अमन गांधी के साथ संतुलन बनाए रखते हुए उदिती सिंह ने टास्क जीत लिया और घर की नई कैप्टन बन गईं।

कैप्टन बनते ही बदले उदिती के तेवर

कप्तान बनने के बाद उदिती सिंह ने राशन और हाइजीन को लेकर घरवालों को कड़े निर्देश देने शुरू कर दिए। उन्होंने काजी तौकीर को अपने कपड़े सही जगह रखने के लिए कहा। उदिती का यह अंदाज काजी और माही को पसंद नहीं आया।

माही ने काजी से कहा कि उदिती अब उन पर ‘चढ़ने’ की कोशिश कर रही हैं और वह कनिका या गुल्लू से इस लहजे में कभी बात नहीं करतीं। काजी भी उदिती के आदेश से नाराज नजर आए। उन्होंने कहा कि आज तक किसी कैप्टन ने उनसे इस तरह बात नहीं की और अब उनकी अपनी ही टीम की सदस्य उन पर हुक्म चला रही है।

इसी बीच गुल्लू और कनिका ने काफी मात्रा में दूध खत्म करके हलवा बना डाला। इससे घर में राशन को लेकर तनाव और बढ़ गया।

रीति तिवारी के जाने के बाद बिग बॉस 20 का घर दो हिस्सों में बंटता नजर आ रहा है। वहीं, उदिती सिंह की नई कप्तानी ने उनके अपने ही ग्रुप के सदस्यों के साथ मतभेदों को और बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *