KNEWS DESK – Pankaj Bhadouria से जुड़ी एक चिंताजनक खबर सामने आई है। MasterChef India सीजन 1 की विनर पंकज भदौरिया ने सोशल मीडिया पर अपना हेल्थ अपडेट शेयर करते हुए बताया है कि वह ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही हैं। इस खबर के सामने आने के बाद उनके फैंस और चाहने वाले लगातार उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।
पंकज भदौरिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपनी हेल्थ को लेकर जानकारी दी। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में कमेंट्स की बाढ़ आ गई। फैंस उन्हें मजबूत बने रहने की सलाह दे रहे हैं और जल्द रिकवरी की कामना कर रहे हैं।
दरअसल, कुछ दिनों पहले पंकज ने सोशल मीडिया पर बताया था कि वह फुल बॉडी चेकअप के लिए गई थीं। 17 मई को शेयर किए गए पोस्ट में उन्होंने लोगों को नियमित हेल्थ चेकअप कराने की सलाह भी दी थी। उन्होंने लिखा था कि 45 साल से ऊपर के लोगों के लिए हर साल हेल्थ चेकअप बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर आपके माता-पिता इस उम्र में हैं, तो उन्हें भी रेगुलर चेकअप जरूर करवाना चाहिए।
https://www.instagram.com/p/DY3n_3KpSSf/?
अपने पोस्ट में पंकज ने यह भी लिखा कि अच्छी सेहत का मतलब सिर्फ बीमारी का इलाज नहीं, बल्कि बीमारी शुरू होने से पहले उसकी पहचान और बचाव करना भी है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच कराने से गंभीर बीमारियों का पता जल्दी चल जाता है, जिससे इलाज आसान हो जाता है और मानसिक शांति भी मिलती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि लक्षणों का इंतजार न करें और समय रहते अपनी जांच करवाते रहें।
बता दें कि पंकज भदौरिया ने साल 2010 में MasterChef India का पहला सीजन जीतकर देशभर में पहचान बनाई थी। उन्होंने करीब 16 साल का टीचिंग करियर छोड़कर कुकिंग की दुनिया में कदम रखा था। पंकज पहले लखनऊ में इंग्लिश टीचर के तौर पर काम करती थीं और मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली हैं।
आज पंकज सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं, जहां वह अक्सर नई रेसिपी, किचन टिप्स और कुकिंग वीडियोज शेयर करती रहती हैं। इसके अलावा लखनऊ में उनकी अपनी कुकिंग एकेडमी भी है, जहां वह लोगों को कुकिंग की ट्रेनिंग देती हैं।