थलपति विजय की ‘जन नेता’ का जबरदस्त क्रेज, रिलीज से पहले ही बिके 40 हजार टिकट

KNEWS DESK – थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नेता’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की रिलीज में अब सिर्फ तीन दिन बाकी हैं, लेकिन इससे पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। शुरुआती टिकट बिक्री के आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि विजय की आखिरी फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त दीवानगी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आधिकारिक एडवांस बुकिंग शुरू होने से पहले ही ‘जन नेता’ के करीब 40 हजार टिकट बिक चुके हैं। सीमित बुकिंग के बावजूद फिल्म को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया ने ट्रेड एक्सपर्ट्स का ध्यान खींच लिया है। माना जा रहा है कि देशभर में बुकिंग शुरू होने के बाद टिकट बिक्री में और तेजी देखने को मिल सकती है।

23 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

थलपति विजय की ‘जन नेता’ 23 जुलाई 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होने जा रही है। एच. विनोथ के निर्देशन में बनी इस फिल्म को KVN प्रोडक्शंस के बैनर तले तैयार किया गया है। फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों में काफी उत्सुकता बनी हुई थी, क्योंकि इसे विजय की आखिरी फिल्म के तौर पर देखा जा रहा है।

खबरों की मानें तो रिलीज से पहले फिल्म में कुछ नए सीन्स और गानों को भी जोड़ा गया है, जिससे दर्शकों को एक नया सिनेमाई अनुभव देने की तैयारी की गई है।

एडवांस बुकिंग में दिखा विजय का जलवा

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘जन नेता’ की देशभर में एडवांस बुकिंग 19 जुलाई से शुरू हो चुकी है। इससे पहले सीमित स्तर पर शुरू हुई बुकिंग में ही फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया। शनिवार को BookMyShow पर ही इसके 40 हजार से ज्यादा टिकट बिकने की खबर सामने आई।

फिल्म की बुकिंग को लेकर जिस तरह का रिस्पॉन्स मिल रहा है, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि रिलीज के पहले दिन सिनेमाघरों में बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ उमड़ सकती है।

पूजा हेगड़े और बॉबी देओल भी आएंगे नजर

‘जन नेता’ में थलपति विजय के साथ पूजा हेगड़े, ममिता बैजू और बॉबी देओल जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का संगीत मशहूर संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। यह फिल्म तमिल के अलावा तेलुगु और हिंदी भाषाओं में भी रिलीज की जाएगी।

गौरतलब है कि ‘जन नेता’ पहले जनवरी में रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसर सर्टिफिकेट को लेकर फिल्म की रिलीज में देरी हो गई थी। लंबे इंतजार के बाद अब फिल्म आखिरकार सिनेमाघरों में पहुंचने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *