‘मिर्जापुर सीजन 4’ पर बड़ा अपडेट, गुरमीत सिंह ने बताया कब शुरू होगा काम

Knews Desk– अमेजन प्राइम वीडियो की सुपरहिट वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ को लेकर फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से दर्शक इसके चौथे सीजन का इंतजार कर रहे हैं। अब सीरीज के निर्देशक गुरमीत सिंह ने ‘मिर्जापुर सीजन 4’ को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने कंफर्म किया है कि मेकर्स ने नए सीजन पर काम शुरू कर दिया है और फिलहाल इसकी स्क्रिप्ट तैयार की जा रही है। हालांकि, कहानी से जुड़े किसी भी तरह के बड़े खुलासे से उन्होंने दूरी बनाई है।गुरमीत सिंह ने एक इंटरव्यू में बताया कि ‘मिर्जापुर सीजन 4’ की स्क्रिप्ट लिखने का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि अभी वह इस बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर सकते, लेकिन टीम लगातार इस पर काम कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि सीरीज का चौथा सीजन उनके लिए एक बड़ा प्रोजेक्ट होने वाला है और इसे लेकर काफी तैयारी की जा रही है।

‘मिर्जापुर’ ने अपनी दमदार कहानी, जबरदस्त डायलॉग्स और शानदार किरदारों की वजह से दर्शकों के बीच खास जगह बनाई है। कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया जैसे किरदारों ने सीरीज को देशभर में लोकप्रिय बनाया। तीसरे सीजन के बाद अब फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि आगे की कहानी किस दिशा में जाएगी और मिर्जापुर की गद्दी के लिए होने वाली लड़ाई में कौन बाजी मारेगा।इस बीच मेकर्स ‘मिर्जापुर द फिल्म’ पर भी काम कर रहे हैं। पिछले साल फिल्म का ऐलान किया गया था, जिसके बाद फैंस में काफी उत्साह देखने को मिला। हालांकि, कुछ लोगों को लग रहा था कि फिल्म के आने के बाद शायद सीरीज का सफर खत्म हो जाएगा, लेकिन गुरमीत सिंह ने साफ कर दिया है कि फिल्म और सीजन 4 दोनों अलग प्रोजेक्ट हैं। फिल्म की वजह से सीरीज पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

‘मिर्जापुर द फिल्म’ में सीरीज के कई पुराने कलाकार नजर आने वाले हैं। इसमें पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, श्वेता त्रिपाठी, रसिका दुग्गल, विजय वर्मा, ईशा तलवार और हर्षिता गौड़ जैसे कलाकार शामिल हैं। सबसे ज्यादा चर्चा मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु की वापसी को लेकर है। सीरीज में उनके किरदार की मौत हो चुकी थी, लेकिन फिल्म में उनकी वापसी ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है।वहीं, ‘मिर्जापुर सीजन 4’ की शूटिंग कब शुरू होगी, इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। गुरमीत सिंह ने कहा कि फिलहाल फिल्म पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। हालांकि, बैकएंड में सीजन 4 की तैयारी जरूर चल रही होगी, क्योंकि इसमें कई कलाकार शामिल हैं और शूटिंग शुरू करने से पहले पूरी प्लानिंग जरूरी है।निर्देशक ने यह भी संकेत दिया कि फिल्म के पूरा होने के बाद सीजन 4 पर काम तेजी से आगे बढ़ेगा। ऐसे में फैंस को नए सीजन के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है, लेकिन स्क्रिप्ट तैयार होने की खबर ने ‘मिर्जापुर’ के चाहने वालों की उम्मीदों को और बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *