सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित वीडियो को लेकर पंजाब के संगरूर के वकील इंद्रजीत अरोड़ा ने अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को कानूनी नोटिस भेजा है। वीडियो में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के दौरान पंजाब के पुलिस थानों पर हुए बम हमलों से जुड़ा सवाल पूछे जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की सत्यता की अभी पुष्टि नहीं हुई है और इसे एआई वीडियो भी बताया जा रहा है।
Knews Desk – अमिताभ बच्चन का लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ एक कथित वायरल वीडियो को लेकर कानूनी विवाद में घिरता नजर आ रहा है। पंजाब के संगरूर के वकील इंद्रजीत अरोड़ा ने अभिनेता अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस वीडियो को लेकर है, जिसमें अमिताभ बच्चन को कथित तौर पर KBC के दौरान पंजाब के पुलिस थानों पर हुए बम हमलों से जुड़ा सवाल पूछते हुए दिखाया गया है।
वकील इंद्रजीत अरोड़ा का आरोप है कि वीडियो में पूछा गया सवाल पंजाब की नकारात्मक छवि पेश करता है। उन्होंने इस कथित वीडियो को राष्ट्रीय मीडिया से तत्काल हटाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा है कि अगर यह वीडियो वास्तव में KBC के किसी एपिसोड का हिस्सा है, तो अमिताभ बच्चन और संबंधित टीवी चैनल को बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।
‘द स्टेट्समैन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अरोड़ा ने कथित तौर पर यह वीडियो तब देखा, जब एक ग्राहक उनके पास स्क्रीनशॉट और एक क्लिप लेकर पहुंचा। क्लिप में कथित तौर पर अमिताभ बच्चन एक प्रतियोगी से 12 लाख 50 हजार रुपये के लिए सवाल पूछते हुए नजर आ रहे हैं। दावा है कि सवाल में पूछा गया कि इनमें से किस राज्य में अपराधियों ने बिना किसी डर के पुलिस स्टेशन पर बम हमला किया था।
अरोड़ा ने सवाल की प्रासंगिकता पर भी सवाल उठाया। उनका कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि सवाल का उद्देश्य सामान्य ज्ञान की जांच करने के बजाय किसी खास राज्य की छवि को नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह सामान्य ज्ञान का सवाल नहीं लगा, बल्कि सीधे तौर पर किसी राज्य को बदनाम करने की कोशिश जैसा लगा।
वकील ने अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी, दोनों को स्पष्टीकरण मांगते हुए कानूनी नोटिस भेजने की बात कही है। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी एक अहम सवाल बना हुआ है कि वायरल वीडियो वास्तविक है या एडिटेड अथवा एआई से तैयार किया गया है। वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और इसे एआई वीडियो भी बताया जा रहा है। ऐसे में चैनल या संबंधित पक्ष की आधिकारिक स्पष्टता के बाद ही इसकी वास्तविकता को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।