गोधरा ट्रेन अग्निकांड: 18 साल जेल में रहने के बाद इरफान को राहत, सुप्रीम कोर्ट ने उम्रकैद पर लगाई रोक

KNEWS DESK- 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दोषी इरफान सिराज पडो को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने मेडिकल आधार पर उसकी उम्रकैद की सजा निलंबित करते हुए उसे जमानत देने का आदेश दिया है। इरफान पिछले करीब 18 साल से जेल में बंद है। सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार ने भी उसकी मेडिकल स्थिति को स्वीकार किया। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने यह आदेश दिया।

2011 में सुनाई गई थी उम्रकैद की सजा

इरफान सिराज पडो गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में दोषी ठहराए गए 31 लोगों में शामिल है। 27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन के पास साबरमती एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लगा दी गई थी। इस घटना में 59 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद गुजरात में बड़े पैमाने पर सांप्रदायिक हिंसा भड़की थी।

विशेष SIT अदालत ने मार्च 2011 में 31 लोगों को दोषी ठहराया था। इनमें 11 को मौत की सजा और 20 को उम्रकैद सुनाई गई थी। अदालत ने 63 आरोपियों को बरी भी किया था। इरफान को उम्रकैद की सजा पाने वाले दोषियों में शामिल किया गया था।

गुजरात हाईकोर्ट ने भी बरकरार रखी थी सजा

विशेष अदालत के फैसले के खिलाफ दोषियों ने गुजरात हाईकोर्ट में अपील की थी। 2017 में हाईकोर्ट ने 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था, जबकि उम्रकैद पाने वाले अन्य दोषियों की सजा बरकरार रखी थी। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा और संबंधित अपीलें शीर्ष अदालत में लंबित हैं।

मेडिकल आधार पर मिली राहत

सुप्रीम कोर्ट ने इरफान की मेडिकल स्थिति को देखते हुए उसकी उम्रकैद की सजा निलंबित कर जमानत देने का आदेश दिया। गोधरा मामले के एक अन्य दोषी अब्दुल रहमान धंतिया उर्फ कंकट्टो जम्बुरो को भी मई 2022 में उसकी पत्नी की गंभीर बीमारी और पारिवारिक परिस्थितियों के आधार पर अंतरिम जमानत दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *