शादी के 20 साल पूरे… सूर्या-ज्योतिका ने फिर थामा एक-दूजे का हाथ, पत्नी को दुल्हन बने देख इमोशनल हुए एक्टर

knews desk – साउथ सिनेमा के सुपरस्टार सूर्या और एक्ट्रेस ज्योतिका ने अपनी शादी की 20वीं सालगिरह को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया. दोनों ने एक प्राइवेट क्रिश्चियन-स्टाइल सेरेमनी में दोबारा शादी की रस्में निभाईं. इस दौरान कपल का लुक और रोमांटिक अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

ज्योतिका ने शेयर किया खास वीडियो

ज्योतिका ने सोशल मीडिया पर सेरेमनी का वीडियो शेयर किया है, जिसे उन्होंने ‘THE SEQUEL’ नाम दिया. पोस्ट में एक्ट्रेस ने लिखा कि यह किसी परफेक्ट मैरिज का जश्न नहीं, बल्कि एक-दूसरे की कमियों, समझ, त्याग और निस्वार्थ प्यार को स्वीकार करने का उत्सव है.

उन्होंने सूर्या को अपना सबसे अच्छा दोस्त और हमसफर बताया. इस पोस्ट के जरिए ज्योतिका ने अपने रिश्ते की खूबसूरती और 20 साल के सफर को याद किया.

बच्चों ने निभाई खास भूमिका

इस खास सेरेमनी में सूर्या और ज्योतिका के दोनों बच्चे देव और दीया, सूर्या के भाई कार्ती और परिवार के करीबी लोग शामिल हुए. वीडियो में बेटा देव अपनी मां ज्योतिका का हाथ पकड़कर उन्हें इस नई जर्नी की शुरुआत के लिए ले जाता नजर आया.

वहीं, बेटी दीया ने मेड ऑफ ऑनर की भूमिका निभाई. परिवार के साथ इस खास पल को सेलिब्रेट करते हुए दोनों काफी खुश नजर आए.

ज्योतिका बनीं दुल्हन, सूर्या हुए इमोशनल

सेरेमनी के दौरान ज्योतिका व्हाइट ब्राइडल गाउन में नजर आईं. वहीं, सूर्या ने व्हाइट टक्सीडो पहना हुआ था. दोनों का लुक काफी पसंद किया जा रहा है.

ज्योतिका को दुल्हन के रूप में देखकर सूर्या इमोशनल होते भी नजर आए. इस खास पल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं. फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने कपल को शादी की 20वीं सालगिरह पर बधाई दी.

1999 में पहली बार साथ नजर आए थे

सूर्या और ज्योतिका ने 1999 में फिल्म ‘पुवेल्लम केट्टुप्पार’ में पहली बार साथ काम किया था. इसके बाद दोनों ‘काखा काखा’ और ‘सिलुनु ओरु काधल’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए.

दोनों ने सितंबर 2006 में शादी की थी. अब शादी के 20 साल पूरे होने पर कपल ने इस खास सेरेमनी के जरिए अपने रिश्ते को एक बार फिर सेलिब्रेट किया है.