KNEWS DESK – दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्मी आयोजनों में से एक कान्स फिल्म फेस्टिवल का 79वां संस्करण इस साल भारतीय सिनेमा के लिए बेहद खास होने जा रहा है। फ्रांस के खूबसूरत शहर कान्स में आयोजित होने वाला यह फिल्म महोत्सव 12 मई से 23 मई 2026 तक चलेगा, जहां दुनिया भर के सिनेमा सितारे अपनी कला का प्रदर्शन करते नजर आएंगे।
इस बार भारत की मौजूदगी पहले से कहीं ज्यादा विविध और मजबूत दिख रही है। बॉलीवुड के साथ-साथ पंजाबी, मराठी, गुजराती और मलयालम सिनेमा के कलाकार भी रेड कार्पेट पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं। यह पहली बार है जब भारतीय फिल्म इंडस्ट्री इतनी भाषाई विविधता के साथ कान्स में प्रतिनिधित्व कर रही है।
फेस्टिवल की शुरुआत मशहूर फ्रेंच डायरेक्टर पियरे सल्वाडोरी की फिल्म ‘The Electric Kiss’ से होगी। इस बार जूरी की कमान दक्षिण कोरिया के प्रसिद्ध फिल्ममेकर पार्क चान-वुक संभालेंगे, जबकि उद्घाटन और समापन समारोह की मेजबानी फ्रांसीसी अभिनेत्री आई हैदरा करेंगी।
भारतीय सितारों की बात करें तो एक बार फिर ऐश्वर्या राय बच्चन अपनी शानदार मौजूदगी से रेड कार्पेट पर ग्लैमर बिखेरेंगी। उनके साथ आलिया भट्ट भी लगातार दूसरे साल कान्स में हिस्सा लेंगी। इसके अलावा अदिति राव हैदरी, जैकलीन फर्नांडिस, तारा सुतारिया, मौनी रॉय और पूजा बत्रा जैसी एक्ट्रेसेस भी इस भव्य मंच का हिस्सा बनेंगी। फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी इस साल कान्स में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
हाल ही में मेट गाला में नजर आए करण जौहर भी एक बार फिर कान्स में दिखाई देंगे। वहीं अनुभवी फिल्ममेकर आशुतोष गोवारिकर भारतीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते नजर आएंगे।
इस बार कान्स में क्षेत्रीय सिनेमा को भी खास जगह दी गई है, जो भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। पंजाबी फिल्म ‘चढ़दीकला’ के साथ एमी विर्क और रूपी गिल, मराठी सिनेमा से अशोक सराफ, निवेदिता सराफ और प्राजक्ता माली, जबकि गुजराती सिनेमा से मानसी पारेख और पार्थिव गोहिल रेड कार्पेट पर नजर आएंगे। मलयालम फिल्म ‘बालनः द बॉय’ भी इस बार कान्स मार्केट में चर्चा का विषय रहेगी।
इसके अलावा अंशुमन झा जैसे निर्माता अपनी फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री के जरिए भारतीय कहानियों को वैश्विक मंच पर पेश करेंगे, जिनमें ‘सितंबर 21’ और ‘स्पिरिट ऑफ द वाइल्डफ्लावर’ जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।