knews desk – ‘बिग बॉस 20’ के घर में जंग की शुरुआत हो चुकी है. पहले ही हफ्ते में सत्ता, साख और साजिशों का ऐसा खेल देखने को मिला, जिसने दर्शकों को स्क्रीन से बांधे रखा. जहां पहले कैप्टेंसी टास्क ने घरवालों के बीच गुटबाजी और टकराव को सामने ला दिया, वहीं शो के 20 साल के सफर ने कंटेस्टेंट्स को भावुक कर दिया.
पहले हफ्ते की कैप्टेंसी की रेस में रैपर यंग डीएसए, आसिफ खान और रोडीज फेम गुल्लू यानी कुशाल तंवर सबसे आगे नजर आए. इस दौरान घर में जमकर गुटबाजी हुई. मशहूर गेमर स्काउट मेल कंटेस्टेंट्स को एकजुट कर अपना अलग मोर्चा बनाते दिखाई दिए.
यंग डीएसए और कनिका मान के बीच टकराव
कैप्टेंसी टास्क के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा यंग डीएसए और टीवी एक्ट्रेस कनिका मान की तकरार ने बटोरी. टास्क के बीच जब घरवालों के समीकरण बदले, तो कनिका ने यंग को साफ शब्दों में जवाब दिया.
कनिका ने कहा कि यंग को लग रहा था कि वह दोस्ती निभाएंगी, लेकिन गेम के दौरान वह किसी भी तरह की दोस्ती नहीं निभाने वाली हैं. उन्होंने साफ कर दिया कि दोस्ती का फैसला गेम के बाद होगा.
यंग डीएसए बने घर के पहले कैप्टन
कांटे की टक्कर के बाद यंग डीएसए ने बाजी मार ली और वह इस सीजन के पहले कैप्टन बन गए. हालांकि, कैप्टन की गद्दी संभालते ही उन्होंने अपने फैसलों से घर में हलचल मचा दी.
यंग ने सबसे पहला फैसला कनिका मान के खिलाफ लिया और उनकी एक लाइफलाइन छीन ली. पहले से ही नॉमिनेशन का सामना कर रहीं कनिका के लिए यह बड़ा झटका था. इसके बाद यंग ने घरवालों के काम भी बांट दिए.
काजी तौकीर का हाई-वोल्टेज ड्रामा
कैप्टेंसी टास्क के दौरान काजी तौकीर का भी आक्रामक अंदाज देखने को मिला. वह कैमरे के सामने पहुंचे और आसिफ की तस्वीर को देखते हुए अपनी नाराजगी जाहिर करने लगे.
काजी ने तस्वीर की ओर इशारा करते हुए कहा कि आसिफ को उनकी जगह तक पहुंचने में 100 जन्म लग जाएंगे. इसके बाद जब रीति तिवारी उनके लिए चाय बनाने की कोशिश कर रही थीं, तो घरवालों ने काजी के गुस्से को देखते हुए उन्हें दूर रहने की सलाह दी.
काजी कैमरे के सामने जोर-जोर से बिग बॉस से बात कराने की मांग करने लगे. उन्होंने अपनी तबीयत बिगड़ने का दावा करते हुए तुरंत मेडिकल मदद मांगी. हालात बिगड़ते देख बिग बॉस ने हस्तक्षेप किया और काजी को मेडिकल रूम में बुलाकर मामला संभाला.
बिग बॉस के 20 साल के सफर ने रुलाया
एपिसोड का सबसे भावुक पल तब आया, जब बिग बॉस ने घरवालों को शो के 20 साल के सफर की याद दिलाई. दिन में सोते हुए पकड़े गए स्काउट से बिग बॉस ने पूछा, “नींद पूरी हो गई आपकी?”
इसके बाद बिग बॉस ने कहा कि यह सिर्फ एक शो नहीं, बल्कि 20 साल का जज्बा है. उन्होंने घरवालों को समझाया कि बिग बॉस का घर सिर्फ दीवारों से नहीं, बल्कि इंसानी रिश्तों और भावनाओं से बनता है.
इसके बाद लिविंग एरिया की स्क्रीन पर शो के पिछले 20 सालों का भावुक वीडियो दिखाया गया. इसमें अमिताभ बच्चन की होस्टिंग, सलमान खान के चर्चित वन-लाइनर्स, ऐतिहासिक झगड़े और पुराने विनर्स की जीत के पलों को दिखाया गया.
वीडियो देखकर माही विज, आम्रपाली दुबे, ईशा और आसिफ भावुक हो गए. ओलंपिक पदक विजेता मैरी कॉम भी खुद को रोक नहीं पाईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े.
पहली बार खुला रूम नंबर 20
एपिसोड के अंत में बिग बॉस ने घरवालों से कहा कि यह शो सिर्फ खेला नहीं जाता, बल्कि जिया जाता है. उन्होंने सभी कंटेस्टेंट्स को बिग बॉस की ऐतिहासिक विरासत का हिस्सा बताया और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी.
इसके बाद पहली बार ‘रूम नंबर 20’ का दरवाजा खोला गया. कमरे में सीजन 20 के सभी कंटेस्टेंट्स की तस्वीरें लगी थीं. यहां काजी तौकीर ने ‘ओ मेरे दिल के चैन’ गाकर माहौल को हल्का करने की कोशिश की.
हालांकि, असली ट्विस्ट तब आया जब बिग बॉस के निर्देश पर कैप्टन यंग डीएसए ने कनिका मान की तस्वीर पलट दी. इसके साथ ही कनिका की एक लाइफलाइन हमेशा के लिए खत्म हो गई.
कैप्टन बनते ही यंग डीएसए ने अपने तेवर साफ कर दिए हैं. कनिका की लाइफलाइन छीनने के बाद अब घर में सत्ता की यह जंग और तेज होने की उम्मीद है.