KNEWS DESK – सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसी खबरें वायरल हो जाती हैं, जो देखते ही देखते चर्चा का विषय बन जाती हैं। इन दिनों मशहूर यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर आशीष चंचलानी को लेकर भी एक ऐसी ही खबर तेजी से वायरल हुई। दावा किया जा रहा था कि हॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन ने अपनी कथित फिल्म ‘इंटरस्टेलर 2’ के लिए आशीष चंचलानी को लीड रोल के लिए साइन कर लिया है। खबर फैलते ही फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया और सोशल मीडिया पर बधाइयों का दौर शुरू हो गया।
हालांकि, अब खुद आशीष चंचलानी ने इस वायरल खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए इसकी सच्चाई बता दी है। अपने खास मजाकिया अंदाज में उन्होंने इस दावे को लेकर ऐसा जवाब दिया कि फैंस भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
क्या सच में ‘इंटरस्टेलर 2’ में नजर आएंगे आशीष चंचलानी?
दरअसल, हाल ही में क्रिस्टोफर नोलन अपनी फिल्म ‘द ओडिसी’ के प्रीमियर के सिलसिले में भारत आए थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल होने लगी, जिसमें दावा किया गया कि नोलन भारत सिर्फ अपनी फिल्म के प्रचार के लिए नहीं आए थे, बल्कि उन्होंने ‘इंटरस्टेलर 2’ के लिए एक भारतीय कलाकार को कास्ट करने का फैसला भी किया है।
इस पोस्ट में दावा किया गया कि वह कलाकार कोई और नहीं बल्कि आशीष चंचलानी हैं। देखते ही देखते यह खबर सोशल मीडिया पर फैल गई और कई यूजर्स ने आशीष को नई हॉलीवुड पारी के लिए शुभकामनाएं तक देनी शुरू कर दीं।
आशीष ने वायरल खबर पर यूं कसा तंज
जब यह मामला आशीष चंचलानी तक पहुंचा तो उन्होंने भी अपने अंदाज में इसका जवाब दिया। एक पैपराजी इंस्टाग्राम पेज की पोस्ट पर कमेंट करते हुए आशीष ने लिखा, “रे, मैंने तेरा क्या बिगाड़ा है?”
आशीष का यह मजेदार रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फैंस उनके इस जवाब को पसंद कर रहे हैं और जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
रॉबर्ट डाउनी जूनियर से तुलना पर भी दिया जवाब
इतना ही नहीं, आशीष ने उन पोस्ट्स पर भी प्रतिक्रिया दी, जिनमें उनकी तुलना हॉलीवुड स्टार रॉबर्ट डाउनी जूनियर से की जा रही थी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मजाकिया अंदाज में लिखा कि लोग ऐसे कैप्शन क्यों लिखते हैं, क्योंकि कैप्शन कोई और डालता है और गालियां उन्हें सुननी पड़ती हैं।
आशीष ने मजाक करते हुए कहा कि अगर कभी उनकी मुलाकात रॉबर्ट डाउनी जूनियर से हो गई तो वह उन्हें क्या जवाब देंगे।
आशीष चंचलानी अपने कॉमेडी कंटेंट और मजेदार अंदाज के लिए जाने जाते हैं। इस बार भी उन्होंने वायरल खबर को गंभीरता से लेने के बजाय अपने चिर-परिचित हास्य अंदाज में जवाब दिया। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर उनका यह रिएक्शन खूब चर्चा बटोर रहा है।