KNEWS DESK- ए. आर. रहमान के संगीत में अनुराधा पौडवाल की वापसी, ‘बंटवारा 1947’ के लिए गाया ‘कहां चले गए हो राम’
आमिर खान प्रोडक्शंस की ‘बंटवारा 1947’ इस साल की सबसे ज्यादा इंतजार की जा रही भारतीय फिल्मों में से एक है। फिल्म के ऐलान के बाद से ही इसे लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। फिल्म का शानदार पहला पोस्टर और दमदार टीजर रिलीज होने के बाद इसका बज और भी बढ़ गया। हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर को भी देशभर के दर्शकों से शानदार रिस्पॉन्स मिला है, जिससे फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। भारत के बंटवारे की पृष्ठभूमि पर बनी ‘बंटवारा 1947’ प्यार, त्याग और मुश्किल हालात में हिम्मत की एक बेहद भावुक कहानी दिखाने वाली है।

फिल्म की कहानी के इमोशनल पक्ष को और मजबूत करता है हाल ही में रिलीज हुआ इसका दिल छू लेने वाला गाना ‘कहां चले गए हो राम’। जुदाई और अपनों को खोने के दर्द को बयां करता यह गाना ए. आर. रहमान ने कंपोज किया है, इसके बोल दिग्गज गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं और इसे अनुराधा पौडवाल ने शान के साथ गाया है। लंबे समय बाद फिल्मी प्लेबैक सिंगिंग में वापसी को लेकर अनुभवी गायिका अनुराधा पौडवाल ने गाना रिकॉर्ड करने का अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, “वेल, ये मेरे लिए मिक्स्ड इमोशंस थे, क्योंकि मैं रहमान जी के लिए और किसी फिल्म के लिए इतने सालों बाद गा रही थी। मुझे नहीं पता कितने दशक हो गए थे। फिल्म के गाने के लिए स्टूडियो में जाना और वो भी रहमान जी के लिए गाना, मेरे लिए यकीन करना मुश्किल था। बहुत खुशी थी, बहुत एक्साइटमेंट थी। और ज्यादा एक्साइटमेंट से थोड़ा प्रेशर भी आ जाता है। तो ये बहुत खूबसूरत अनुभव था। खासकर इसलिए भी क्योंकि जावेद साहब ने इसे इतना खूबसूरत लिखा है। जब आप गाना सुनते हो, तो ये आपको सीधे 35-40 साल पीछे ले जाता है, जब गानों में बहुत मेलोडी और सादगी हुआ करती थी। रहमान जी की खासियत भी यही है कि जिस सिंगर से वो गवाते हैं, उसकी आवाज और सिंगिंग के हिसाब से गाने को ट्यून करते हैं, और ये बहुत कम देखने को मिलता है।”
https://www.instagram.com/reels/DbxZyS8hXjP/
‘बंटवारा 1947’ में शबाना आज़मी, सनी देओल, प्रीति जी जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह जैसे शानदार कलाकार नजर आएंगे। फिल्म करीब तीन दशक बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल की बहुप्रतीक्षित जोड़ी को फिर से साथ ला रही है।
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘बंटवारा 1947’ का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है, जबकि इसके गाने जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। ‘बंटवारा 1947’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में पार्टिशन डे यानी 14 अगस्त 2026 को रिलीज होगी।