KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 में शामिल हुए अभ्यर्थियों को अब अपने रिजल्ट का इंतजार है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से परीक्षा परिणाम जल्द जारी किए जाने की उम्मीद है। रिजल्ट घोषित होने के बाद उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोरकार्ड चेक और डाउनलोड कर सकेंगे।
यूपीटीईटी 2026 परीक्षा 2 से 4 जुलाई के बीच आयोजित की गई थी। प्रदेश के 75 जिलों में आयोजित परीक्षा में बड़ी संख्या में उम्मीदवार शामिल हुए। परीक्षा दो पेपरों के लिए आयोजित की गई थी। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस बार करीब 17 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया और उपस्थिति लगभग 88 प्रतिशत रही।
परीक्षा के बाद प्रोविजनल आंसर-की जारी की गई थी। अब उम्मीदवारों को फाइनल आंसर-की और रिजल्ट का इंतजार है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फाइनल आंसर-की को रिजल्ट के साथ जारी किया जा सकता है। हालांकि, उम्मीदवारों को परिणाम की तारीख से जुड़ी आधिकारिक सूचना के लिए आयोग के पोर्टल पर नजर बनाए रखनी चाहिए।
UPTET Result 2026 कैसे करें चेक?
रिजल्ट घोषित होने के बाद सबसे पहले उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होम पेज पर UPTET Result 2026 या उससे संबंधित रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें।
इसके बाद मांगी गई जानकारी जैसे रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें। डिटेल सबमिट करने के बाद स्क्रीन पर आपका रिजल्ट और स्कोरकार्ड दिखाई देगा। उम्मीदवार इसे डाउनलोड कर भविष्य के इस्तेमाल के लिए प्रिंटआउट भी निकाल सकते हैं।
यूपीटीईटी में पास होने के लिए कितने अंक जरूरी?
यूपीटीईटी में क्वालिफाई करने के लिए अलग-अलग श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं। सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के उम्मीदवारों को 150 में से कम से कम 90 अंक यानी 60 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक जरूरी बताए गए हैं। इसके अनुसार उम्मीदवारों को लगभग 82 अंक प्राप्त करने होंगे।
सफल उम्मीदवारों को मिलेगा पात्रता प्रमाण पत्र
यूपीटीईटी परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को शिक्षक पात्रता प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इनपुट के मुताबिक, यह प्रमाण पत्र जीवन भर के लिए मान्य होगा। प्रमाण पत्रों का वितरण सितंबर या अक्टूबर तक DIET केंद्रों के माध्यम से शुरू होने की संभावना है। यह प्रमाण पत्र उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण है। यूपीटीईटी क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवार भविष्य में निर्धारित पात्रता शर्तों के अनुसार शिक्षक भर्ती परीक्षाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे।
परीक्षा में अपनाई गई थी कड़ी निगरानी
यूपीटीईटी 2026 के दौरान नकल और फर्जी अभ्यर्थियों पर रोक लगाने के लिए तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया। परीक्षा केंद्रों पर एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे और बायोमेट्रिक निगरानी की व्यवस्था की गई थी।
इनपुट के अनुसार, परीक्षा के तीन दिनों के दौरान दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने पहुंचे 44 फर्जी उम्मीदवार पकड़े गए। इसके अलावा एक अभ्यर्थी को जूते में स्मार्टफोन छिपाकर परीक्षा केंद्र में ले जाने के आरोप में पकड़ा गया।
परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं रखी गई थी। कई पालियों में परीक्षा आयोजित होने के कारण स्कोर तैयार करने में नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया लागू होने की बात भी कही गई है।
फिलहाल उम्मीदवारों को सलाह है कि रिजल्ट और फाइनल आंसर-की से जुड़ी आधिकारिक घोषणा के लिए आयोग की वेबसाइट पर जारी नोटिस ही चेक करें और सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट तारीखों पर भरोसा न करें।