UPSC Prelims 2026 Result: 13,343 अभ्यर्थी मेन्स के लिए क्वालिफाई, 1,016 पदों पर होगी भर्ती

Knews Desk- यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (CSE Prelims) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, कुल 13,343 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा में सफलता हासिल की है और उन्हें सिविल सेवा मुख्य परीक्षा (Mains) 2026 के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।

UPSC की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इस वर्ष सिविल सेवा परीक्षा के लिए 1,016 रिक्तियां अधिसूचित की गई हैं। इन पदों के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा 24 मई 2026 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा में सफल घोषित उम्मीदवार अब मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे, जो चयन प्रक्रिया का दूसरा चरण है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले वर्ष 1,087 रिक्तियों के मुकाबले 14,161 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया था। इस बार रिक्तियों की संख्या और सफल अभ्यर्थियों दोनों में मामूली कमी दर्ज की गई है।

UPSC हर वर्ष तीन चरणों—प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और व्यक्तित्व परीक्षण (इंटरव्यू) के माध्यम से देश की प्रतिष्ठित अखिल भारतीय और केंद्रीय सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन करता है। इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) सहित कई अन्य सेवाएं शामिल हैं।

आयोग ने यह भी बताया है कि प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अपने विवरण अपडेट करने और मुख्य परीक्षा में प्रवेश के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने का अवसर दिया जाएगा। इसके तहत उम्मीदवारों को 200 रुपये का परीक्षा शुल्क जमा करना होगा। हालांकि, महिला अभ्यर्थियों, दिव्यांगजन (PwBD), अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) श्रेणी के उम्मीदवारों को शुल्क भुगतान से छूट प्रदान की गई है। अब चयनित अभ्यर्थियों की नजर मुख्य परीक्षा पर होगी, जो अंतिम चयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *