आत्महत्या समाधान नहीं…. NEET छात्रों से भावुक अपील कर बोले केजरीवाल- मिलकर निकालेंगे रास्ता

Knews Desk– NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में छात्रों के बीच बढ़ते तनाव और निराशा को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal ने भावुक अपील की है। उन्होंने छात्रों से किसी भी तरह का कठोर कदम न उठाने की अपील करते हुए कहा कि “आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं है।” उन्होंने छात्रों से अपनी भावनाएं और सुझाव साझा करने को भी कहा है।

सोशल मीडिया पर जारी किया वीडियो संदेश

अरविंद केजरीवाल ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा रद्द होने के बाद कई छात्र डिप्रेशन और तनाव में हैं। उन्हें लगातार छात्रों और अभिभावकों के फोन और संदेश मिल रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि अगर कोई छात्र मानसिक दबाव महसूस कर रहा है तो वह उनसे सीधे संपर्क कर सकता है।

उन्होंने छात्रों से कहा कि वे कमेंट सेक्शन या डायरेक्ट मैसेज के जरिए अपनी भावनाएं और सुझाव साझा करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह छात्रों के साथ खड़े हैं और मिलकर परीक्षा व्यवस्था में सुधार का रास्ता निकालेंगे।

“मैं भी समझता हूं परीक्षा का दबाव”

केजरीवाल ने अपने संदेश में कहा कि उन्होंने खुद IIT और UPSC जैसी कठिन परीक्षाओं की तैयारी की है, इसलिए वह छात्रों का दर्द समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि सालों की मेहनत के बाद अगर परीक्षा रद्द हो जाए तो छात्रों पर क्या बीतती है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

उन्होंने कहा, “मैं सोच रहा था कि अगर मेरे समय में परीक्षा रद्द हो जाती तो मुझ पर क्या गुजरती।” हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी हाल में छात्रों को हिम्मत नहीं हारनी चाहिए।

कई छात्रों की मौत का भी किया जिक्र

AAP प्रमुख ने दावा किया कि NEET परीक्षा रद्द होने के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों से छात्रों के आत्महत्या करने की खबरें सामने आई हैं। उन्होंने गोवा, राजस्थान के सीकर, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लखीमपुर का जिक्र करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद और चिंता बढ़ाने वाली स्थिति है।

केजरीवाल ने कहा कि वह गोवा में एक छात्र के परिवार से मिलने भी गए थे। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि वे तनाव की स्थिति में अकेले न रहें और अपने मन की बात साझा करें।

NEET विवाद पर बढ़ा सियासी दबाव

NEET पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के बाद केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। विपक्षी दल परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता को लेकर सरकार को घेर रहे हैं। इस बीच कई छात्र संगठनों ने भी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश के युवा पढ़े-लिखे और समझदार हैं तथा वे परीक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दे सकते हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने विचार सामने रखें ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *