Knews Desk– कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने Selection Post Phase 14 परीक्षा 2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया है. इस भर्ती के लिए आवेदन कर चुके उम्मीदवारों का इंतजार अब खत्म हो गया है. आयोग के मुताबिक, SSC Selection Post Phase 14 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 16 सितंबर से 26 सितंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएगी. परीक्षा देशभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर अलग-अलग शिफ्ट में कराई जाएगी.
परीक्षा की तारीख सामने आने के बाद उम्मीदवारों को अपनी तैयारी को और तेज कर देना चाहिए. आयोग की ओर से परीक्षा केंद्र, एग्जाम सिटी और शिफ्ट से जुड़ी विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले नोटिस और एडमिट कार्ड से जुड़ी अपडेट पर नजर बनाए रखें.
SSC Selection Post Phase 14 परीक्षा ऑनलाइन यानी कंप्यूटर आधारित मोड में होगी. परीक्षा 16 सितंबर से शुरू होकर 26 सितंबर तक चलेगी. अलग-अलग उम्मीदवारों की परीक्षा अलग-अलग तारीख और शिफ्ट में हो सकती है. इसलिए एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उम्मीदवारों को उसमें दिए गए परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग टाइम और अन्य निर्देशों को ध्यान से पढ़ना होगा.इस परीक्षा में कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रत्येक प्रश्न के लिए 2 अंक निर्धारित हैं, यानी परीक्षा कुल 200 अंकों की होगी. उम्मीदवारों को पूरा पेपर हल करने के लिए 60 मिनट का समय मिलेगा. परीक्षा में चार प्रमुख विषयों से सवाल आएंगे. इनमें जनरल इंटेलिजेंस, जनरल अवेयरनेस, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और इंग्लिश लैंग्वेज शामिल हैं.परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी लागू होगी. प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.50 अंक काटे जाएंगे. ऐसे में उम्मीदवारों को सवाल हल करते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी. बिना सोचे-समझे ज्यादा सवाल करने की बजाय सही उत्तर वाले प्रश्नों पर फोकस करना बेहतर रहेगा.
परीक्षा के संभावित शिफ्ट टाइम को लेकर भी जानकारी सामने आई है, लेकिन इसे अंतिम नहीं माना जाना चाहिए. पिछले वर्षों के पैटर्न के आधार पर पहली शिफ्ट में रिपोर्टिंग सुबह करीब 7:45 बजे और परीक्षा सुबह 9 से 10 बजे तक हो सकती है. दूसरी शिफ्ट दोपहर के आसपास, तीसरी दोपहर बाद और चौथी शिफ्ट शाम के समय आयोजित होने की संभावना रहती है. हालांकि, उम्मीदवारों को आयोग की ओर से जारी अंतिम शेड्यूल का ही पालन करना होगा.अब परीक्षा में करीब कुछ ही सप्ताह का समय बचा है, इसलिए अभ्यर्थियों को तैयारी की रणनीति पर विशेष ध्यान देना चाहिए. सबसे पहले सभी विषयों के महत्वपूर्ण टॉपिक्स का रिवीजन पूरा करें. इसके बाद पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करें और नियमित रूप से मॉक टेस्ट दें. इससे परीक्षा के पैटर्न और समय प्रबंधन को समझने में मदद मिलेगी.
जनरल अवेयरनेस के लिए करेंट अफेयर्स के साथ-साथ महत्वपूर्ण सामान्य ज्ञान के टॉपिक्स को दोहराना जरूरी है. वहीं, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और जनरल इंटेलिजेंस में स्पीड बढ़ाने के लिए लगातार प्रैक्टिस करनी चाहिए. इंग्लिश सेक्शन में ग्रामर, वोकैबुलरी और कॉम्प्रिहेंशन पर ध्यान देना उम्मीदवारों के लिए फायदेमंद रहेगा.उम्मीदवारों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड और एग्जाम सिटी स्लिप की जानकारी समय पर चेक कर लें. परीक्षा केंद्र पर पहुंचने से पहले जरूरी दस्तावेज और पहचान पत्र तैयार रखें. SSC Selection Post Phase 14 में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए अब बचे समय का सही इस्तेमाल और नियमित अभ्यास सबसे महत्वपूर्ण होगा.