21 जून NEET री-एग्जाम के लिए कई राज्यों ने किया फ्री बस यात्र का एलान, जानें कैसे ले सकते हैं लाभ

Knews Desk- NEET UG री-एग्जाम को लेकर छात्रों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कई राज्य सरकारों ने परीक्षार्थियों के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है। बिहार, पंजाब और हरियाणा सरकार ने छात्रों को बिना किराए सफर कराने का फैसला लिया है।

दरअसल, NEET UG 2026 की परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दी गई थी। अब री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा। ऐसे में लाखों छात्र दोबारा परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं। राज्य सरकारों का कहना है कि परीक्षा के दौरान यात्रा की परेशानी छात्रों का तनाव बढ़ा सकती है, इसलिए उन्हें राहत देने के लिए यह कदम उठाया गया है।

बिहार सरकार ने घोषणा की है कि NEET री-एग्जाम देने वाले छात्र राज्य परिवहन की बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे। वहीं पंजाब सरकार ने 20 जून से 22 जून तक पंजाब रोडवेज बसों में छात्रों को फ्री यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

हरियाणा सरकार ने भी छात्रों के लिए बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 20 और 21 जून को NEET री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्र हरियाणा रोडवेज बसों में बिना किराए यात्रा कर सकेंगे। छात्रों को बस में सफर के दौरान केवल अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा।

सरकारों ने साफ किया है कि छात्रों को किसी अलग पास की जरूरत नहीं होगी। NEET एडमिट कार्ड ही यात्रा पास के रूप में मान्य होगा। इस फैसले से लाखों छात्रों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।