Knews Desk- नीट यूजी पेपर लीक के आरोपों के बाद दोबारा परीक्षा देने वाले लाखों मेडिकल उम्मीदवारों के लिए बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि री-नीट यूजी 2026 परीक्षा का रिजल्ट 20 जुलाई तक घोषित कर दिया जाएगा. एजेंसी ने अभी किसी फिक्स तारीख का ऐलान नहीं किया है. हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नीट यूजी रिजल्ट को समय पर या उससे पहले जारी किया जा सकता है.
कई स्टूडेंट्स और पेरेंट्स यह सोचकर परेशान थे कि विवादों और नीट यूजी पेपर लीक के कारण कहीं एमबीबीएस का नया सेशन शुरू करने में देरी न हो जाए. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने भरोसा दिलाया है कि री-एग्जामिनेशन की वजह से हुई देरी का असर मेडिकल कॉलेजों के नए सत्र की शुरुआत पर बिल्कुल नहीं पड़ेगा. नीट यूजी रिजल्ट जारी होते ही काउंसलिंग, एडमिशन और फिर नया सत्र.. यानी सब कुछ अपने तय शेड्यूल के हिसाब से ही चलेगा.
10,000 से अधिक आपत्तियों की हो रही है बारीकी से जांच
एनटीए ने हाल ही में परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी की थी, जिस पर आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 28 जून 2026 थी। छात्रों की तरफ से नीट आंसर-की पर 10,000 से भी अधिक आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। एनटीए के विषय विशेषज्ञों की एक विशेष समिति हर एक आपत्ति की बेहद बारीकी से जांच कर रही है ताकि फाइनल आंसर-की और रिजल्ट समय पर तैयार कर सकें।
बहुत जल्द चेक हो जाएंगी नीट यूजी की कॉपियां
एनटीए से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया कि एजेंसी रिजल्ट तैयार करने में जुटी हुई है. उन्होंने कहा- हम अभी कोई पक्की तारीख नहीं बताना चाहते, लेकिन इतना तय है कि रिजल्ट 20 जुलाई तक हर हाल में आ जाएगा. आमतौर पर नीट जैसी बड़ी परीक्षा के नतीजे आने में करीब 45 दिनों का समय लगता है, लेकिन इस बार एनटीए रिकॉर्डतोड़ समय में काम कर रहा है. री-नीट की परीक्षा 21 जून को हुई थी. अगर 20 जुलाई तक रिजल्ट आता है तो यह महज 1 महीने के अंदर ही जारी हो जाएगा.
रिजल्ट जारी होने के बाद
एनटीए री-नीट यूजी परीक्षा का रिजल्ट जारी होने के बाद जल्द ही काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। छात्र अपनी पसंद के कॉलेज के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद अलॉटमेंट रिजल्ट जारी किया जाएगा। जिन छात्रों का नाम अलॉटमेंट लिस्ट में शामिल होगा। वे छात्र अलॉट किए गए कॉलेज में जाकर दाखिला ले सकेंगे।
नीट यूजी री-एग्जाम का रिजल्ट डाउनलोड करने के लिए सभी छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे समय-समय पर एनटीए की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर विजिट करते रहें।