NEET-UG 2026: NTA ने बढ़ाई फीस रिफंड की आखिरी तारीख, अब 22 जून तक अपडेट करें बैंक डिटेल्स

Knews Desk- देशभर में 3 मई को आयोजित हुई NEET-UG 2026 परीक्षा में गड़बड़ियों और तकनीकी समस्याओं को लेकर जारी विवाद के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने छात्रों को बड़ी राहत दी है। एजेंसी ने परीक्षा फीस रिफंड के लिए बैंक खातों की जानकारी जमा करने की अंतिम तारीख को एक महीने तक बढ़ा दिया है।

अब वे अभ्यर्थी, जो किसी तकनीकी समस्या या अन्य कारणों से अब तक अपनी बैंक डिटेल्स पोर्टल पर अपलोड नहीं कर पाए थे, वे 22 जून 2026 रात 11:50 बजे तक यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इससे पहले बैंक जानकारी जमा करने की अंतिम तिथि 27 मई 2026 तय की गई थी।

NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी देते हुए बताया कि अब तक करीब 13 लाख उम्मीदवार अपने बैंक खातों की जानकारी पोर्टल पर अपडेट कर चुके हैं। हालांकि बड़ी संख्या में ऐसे छात्र अब भी बाकी हैं, जो समय रहते अपना डेटा जमा नहीं कर पाए थे। इसी को देखते हुए एजेंसी ने छात्रों को अतिरिक्त समय देने का फैसला लिया है, ताकि कोई भी पात्र अभ्यर्थी फीस रिफंड से वंचित न रह जाए।

एजेंसी ने छात्रों को एक महत्वपूर्ण चेतावनी भी दी है। NTA के अनुसार, एक बार बैंक खाते की जानकारी सबमिट करने के बाद उसे अंतिम माना जाएगा और उसमें किसी तरह का सुधार या बदलाव करने का विकल्प उपलब्ध नहीं होगा। ऐसे में छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अकाउंट नंबर, IFSC कोड और अन्य जानकारी को बेहद सावधानी से जांचने के बाद ही फॉर्म सबमिट करें।

NEET-UG 2026 को लेकर इस बार कई राज्यों से तकनीकी गड़बड़ी और परीक्षा प्रबंधन से जुड़ी शिकायतें सामने आई थीं। ऐसे में NTA का यह फैसला लाखों छात्रों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।