SSC GD परीक्षा में भारी हंगामा, छात्रों ने किया प्रदर्शन

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के कई शहरों में सोमवार को SSC GD परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली, जिसके बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। कानपुर, लखनऊ और प्रयागराज समेत कई जगहों पर अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा और प्रदर्शन किया। कहीं पेपर समय से पहले बांटने का आरोप लगा तो कहीं सर्वर खराब होने की वजह से परीक्षा रद्द करनी पड़ी।

कानपुर के सरसौल क्षेत्र स्थित एक परीक्षा केंद्र पर छात्रों ने आरोप लगाया कि दोपहर की शिफ्ट के लिए कुछ अभ्यर्थियों को तय समय से पहले ही अंदर बुला लिया गया और उन्हें परीक्षा सामग्री दे दी गई। इसकी जानकारी मिलते ही बाहर खड़े छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि अभ्यर्थियों ने हाईवे जाम कर दिया और कई जगह तोड़फोड़ भी हुई।

लखनऊ में तकनीकी खराबी के कारण SSC GD परीक्षा रद्द करनी पड़ी। भीषण गर्मी में दूर-दराज से पहुंचे छात्रों ने केंद्र के बाहर नाराजगी जताई और परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। छात्रों का कहना था कि 46 डिग्री तापमान में घंटों इंतजार करने के बाद परीक्षा रद्द कर देना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

वहीं प्रयागराज में स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्र की क्षमता से कहीं ज्यादा छात्रों को बुला लिया गया था। पर्याप्त कंप्यूटर और बैठने की व्यवस्था न होने से अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए छात्रों ने केंद्र में तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

SSC मध्य क्षेत्र ने तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर और बिहार के मुजफ्फरपुर में दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा स्थगित कर दी। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *