बैंकिंग सेक्टर में सरकारी बैंक में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने अपने वेल्थ मैनेजमेंट सर्विसेज (WMS) में मैनेजमेंट पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 24 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
KNEWS DESK- उम्मीदवार बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती में सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर, टेरिटरी हेड, ग्रुप हेड, इन्वेस्टमेंट प्रोडक्ट मैनेजर और हेड इन्वेस्टमेंट जैसे पद शामिल हैं। भर्ती से जुड़ी पात्रता, अनुभव और अन्य जरूरी शर्तें पद के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई हैं।
किन पदों पर होगी नियुक्ति?
बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से जारी भर्ती में अलग-अलग मैनेजमेंट पदों के लिए रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। पदों का विवरण इस प्रकार है।
- सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर-डिप्टी मैनेजर: 791 पद
- टेरिटरी हेड-असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट I: 35 पद
- ग्रुप हेड-असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट II: 8 पद
- इन्वेस्टमेंट प्रोडक्ट मैनेजर-असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट I: 2 पद
- हेड इन्वेस्टमेंट-असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट II: 1 पद
कौन उम्मीदवार कर सकता है आवेदन?
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव की शर्तें पद के अनुसार अलग-अलग रखी गई हैं। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता ग्रेजुएशन निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 50 वर्ष तक हो सकती है। इसके अलावा संबंधित पद के अनुसार उम्मीदवार से आवश्यक कार्य अनुभव भी मांगा गया है। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक भर्ती नोटिफिकेशन में अपने पद की योग्यता, आयु सीमा और अनुभव से जुड़ी सभी शर्तों को ध्यान से जांच लेना चाहिए।
आवेदन शुल्क कितना है?
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले UR, EWS और OBC कैटेगरी के उम्मीदवारों को 850 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं SC, ST, PWD, ESM/DESM और महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये निर्धारित किया गया है। आवेदन शुल्क नॉन-रिफंडेबल होगा।
कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?
बैंक ऑफ बड़ौदा की इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के आधार पर किया जाएगा। सबसे पहले प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी होगी। इसके बाद उम्मीदवारों को ऑनलाइन टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। अगले चरण में साइकोमेट्रिक टेस्ट आयोजित किया जाएगा और इसके बाद इंटरव्यू होगा।
चयन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों की कम्युनिकेशन स्किल, समस्या का समाधान करने की क्षमता, कार्यकुशलता और संबंधित पद के लिए उनकी उपयुक्तता का आकलन किया जाएगा। इसके अलावा देश के किसी भी हिस्से में काम करने की उनकी इच्छा को भी चयन प्रक्रिया में ध्यान में रखा जा सकता है।
इच्छुक उम्मीदवार 24 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन को पूरी तरह पढ़ लेना चाहिए, ताकि पात्रता और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी महत्वपूर्ण जानकारी में गलती न हो।