Knews Desk– विदेश में PhD करने का सपना देखने वाले छात्रों के लिए सिर्फ अच्छी यूनिवर्सिटी और रिसर्च का माहौल ही जरूरी नहीं होता, बल्कि पढ़ाई और रहने का खर्च भी एक बड़ी चिंता होती है. हालांकि, दुनिया के कई देशों में PhD छात्रों को स्टाइपेंड या सैलरी के रूप में आर्थिक सहायता दी जाती है. इससे छात्रों को अपनी रिसर्च जारी रखने के साथ-साथ रहने और पढ़ाई से जुड़े खर्चों को संभालने में मदद मिलती है. कुछ देशों में PhD कोर्स के दौरान छात्रों को रिसर्च असिस्टेंट या कर्मचारी के तौर पर भी भुगतान किया जाता है. ऐसे में विदेश में PhD करना छात्रों के लिए पढ़ाई के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का मौका भी हो सकता है.
इस लिस्ट में ऑस्ट्रिया एक प्रमुख विकल्प है. यहां PhD करने वाले छात्रों को औसतन 1,04,328 डॉलर तक का स्टाइपेंड मिलने की जानकारी दी गई है, जो भारतीय रुपये में करीब 1 करोड़ रुपये के आसपास बैठता है. हालांकि, वास्तविक रकम यूनिवर्सिटी, विषय और रिसर्च प्रोजेक्ट के आधार पर अलग हो सकती है. ऑस्ट्रिया में वियना यूनिवर्सिटी, वियना यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, इंसब्रुक यूनिवर्सिटी, मेडिकल यूनिवर्सिटी ऑफ ग्राज और साल्जबर्ग यूनिवर्सिटी जैसे संस्थानों में रिसर्च के अवसर देखे जा सकते हैं.नीदरलैंड भी PhD के लिए लोकप्रिय देशों में शामिल है. यहां PhD छात्रों को औसतन करीब 74,163 डॉलर यानी लगभग 70.99 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलने की जानकारी दी गई है. नीदरलैंड खासतौर पर रिसर्च और अकादमिक पब्लिशिंग के लिए मजबूत माना जाता है. एम्स्टर्डम यूनिवर्सिटी, लीडेन यूनिवर्सिटी, ग्रोनिंगन यूनिवर्सिटी, डेल्फ्ट यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी और इरास्मस यूनिवर्सिटी रॉटरडैम जैसे संस्थान छात्रों के लिए अच्छे विकल्प हो सकते हैं.
फिनलैंड भी उन छात्रों के लिए आकर्षक विकल्प है जो रिसर्च के साथ बेहतर आर्थिक सहायता चाहते हैं. यहां PhD छात्रों को औसतन 46,537 डॉलर यानी करीब 44.54 लाख रुपये तक का स्टाइपेंड मिलने की जानकारी दी गई है. हेलसिंकी यूनिवर्सिटी, आल्टो यूनिवर्सिटी, ओउलू यूनिवर्सिटी, टैम्पेरे यूनिवर्सिटी और टुर्कू यूनिवर्सिटी जैसे संस्थानों में PhD कार्यक्रम उपलब्ध हैं.डेनमार्क में भी PhD छात्रों के लिए अच्छी आर्थिक सहायता मिल सकती है. यहां औसत स्टाइपेंड करीब 53,436 डॉलर यानी लगभग 51.14 लाख रुपये बताया गया है. कोपेनहेगन यूनिवर्सिटी, आरहूस यूनिवर्सिटी, टेक्निकल यूनिवर्सिटी ऑफ डेनमार्क, SDU और आलबर्ग यूनिवर्सिटी जैसे संस्थानों पर छात्र विचार कर सकते हैं.
स्वीडन इस लिस्ट में पांचवां प्रमुख विकल्प है. यहां PhD छात्रों को औसतन करीब 42,618 डॉलर यानी लगभग 40.80 लाख रुपये तक का स्टाइपेंड मिलने की जानकारी दी गई है. ब्लेकिंगे इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, चाल्मर्स यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, डालारना यूनिवर्सिटी और जोंकोपिंग यूनिवर्सिटी में रिसर्च के अवसर देखे जा सकते हैं.हालांकि, छात्रों को यह ध्यान रखना चाहिए कि स्टाइपेंड की राशि हर यूनिवर्सिटी और रिसर्च प्रोजेक्ट में अलग हो सकती है. टैक्स, रहने का खर्च, फीस और स्थानीय नियम भी अलग-अलग होते हैं. इसलिए आवेदन करने से पहले संबंधित यूनिवर्सिटी और PhD प्रोग्राम की आधिकारिक शर्तों को जरूर जांचना चाहिए।