UP: कानपुर में दिल दहला देने वाली घटना, पिता ने 11 साल की जुड़वां बेटियों की गला काटकर की हत्या

KNEWS DESK- यूपी के कानपुर में नौबस्ता थाना क्षेत्र के के-ब्लॉक किदवईनगर इलाके में त्रिमूर्ति अपार्टमेंट फेज-टू में पिता ने 11 साल की जुड़वा बेटियों रिद्धि और सिद्धि की गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पिता ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। पुलिस ने आरोपी शशि रंजन मिश्रा (मूल रूप से बिहार के गया जिले का निवासी) को मौके से हिरासत में ले लिया है। शशि मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में एक दवा कंपनी में काम करते थे।

पुलिस के अनुसार, वारदात रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुई। शशि रंजन ने स्टील का चापड़ (बड़ा चाकू) इस्तेमाल कर दोनों बेटियों की गला काट दिया। दोनों बच्चियां अपने बेड पर ही सोई हुई थीं। पुलिस को उनके शव उसी हालत में बेड पर मिले। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि शशि रंजन ने सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस को फोन कर खुद घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया। हत्या में इस्तेमाल किया गया स्टील का चापड़ भी बरामद कर लिया गया है।

शशि रंजन 2014 में सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) की रहने वाली रेशमा से प्रेम विवाह किया था। परिवार पिछले 8 साल से त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में लखनऊ के बैंक कर्मी विवेक गुप्ता के फ्लैट में किराए पर रह रहा था। दंपति के तीन बच्चे हैं—11 साल की जुड़वां बेटियां रिद्धि-सिद्धि और 6 साल का बेटा रुद्रव (गन्नू)। रिद्धि और सिद्धि पास के मदर टेरेसा मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 5 में पढ़ती थीं।

पुलिस ने बताया कि घटना के समय शशि रंजन और दोनों बेटियां एक कमरे में सो रही थीं, जबकि रेशमा अपने बेटे के साथ दूसरे कमरे में थी। अपार्टमेंट के सभी कमरों में सीसीटीवी लगे हैं, जिनकी फुटेज भी खंगाली जा रही है। रेशमा ने बताया कि पति उसे मायके जाने से रोकता था और इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। कुछ समय पहले वह 9 महीने के लिए मायके गई थी, तब बेटियां पिता के पास ही रहीं। घटना की सूचना मिलने पर रेशमा ने नौकरानी अमरावती को फोन कर बुलाया।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है। यह घटना पूरे इलाके में सदमे और दहशत का माहौल पैदा कर गई है। स्थानीय लोग इस जघन्य अपराध की निंदा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *