बेंगलुरु में सनसनी: क्रिकेट ग्राउंड के पास मिला इंसान का कटा सिर, रेलवे ट्रैक पर मिला था धड़

Knews Desk- बेंगलुरु से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के एक क्रिकेट ग्राउंड के पास बुधवार सुबह लोगों ने आवारा कुत्तों को इंसान का कटा हुआ सिर लेकर घूमते देखा। यह नजारा देखकर मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जांच में सामने आया कि इससे एक रात पहले पास के रेलवे ट्रैक पर बिना सिर का शव बरामद हुआ था। पुलिस का अनुमान है कि रात के अंधेरे में सिर नहीं मिल सका और बाद में आवारा कुत्ते उसे ट्रैक से करीब 200 मीटर दूर क्रिकेट ग्राउंड तक घसीट लाए।

व्हाइटफील्ड के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) सैदुलु अदावथ के मुताबिक, रेलवे ट्रैक पर मिला धड़ और क्रिकेट ग्राउंड के पास मिला सिर एक ही व्यक्ति का है। शुरुआती जांच में किसी आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया ट्रेन हादसे से जुड़ा मामला माना है और प्राकृतिक/दुर्घटनावश मौत का केस दर्ज किया है।

पुलिस ने मृतक की पहचान 25 वर्षीय विश्वनाथ के रूप में की है, जो आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले का रहने वाला था। वह 2024 से बेंगलुरु में रहकर एक ई-कॉमर्स डिलीवरी कंपनी में काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात बैयप्पनहल्ली के पास ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना से पहले विश्वनाथ का अपनी पार्टनर से विवाद हुआ था। इसी आधार पर पुलिस आत्महत्या की आशंका भी जता रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *