IPS आशुतोष मिश्रा की मां की मौत पर सियासत तेज, आज अंबेडकरनगर पहुंचेगा सपा प्रतिनिधिमंडल

Knews Desk- अंबेडकरनगर में IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने मामले की वास्तविक स्थिति जानने के लिए अपना प्रतिनिधिमंडल अंबेडकरनगर भेजने का फैसला किया है। सपा का प्रतिनिधिमंडल आज, 20 अगस्त को ग्राम रुढ़ा पहुंचेगा और शोकाकुल परिवार से मुलाकात करेगा।

सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं की सूची जारी की गई है। इसमें नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, जलालपुर विधायक राकेश पांडेय सहित कई विधायक, पूर्व विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल हैं। परिवार से मुलाकात और घटना की जानकारी जुटाने के बाद प्रतिनिधिमंडल अपनी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को सौंपेगा।

इससे पहले बुधवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी IPS आशुतोष मिश्रा के आवास पर पहुंचे थे और परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की थी।

अपनी मां की मौत के मामले में IPS आशुतोष मिश्रा ने मंगलवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने घटना को लेकर सामने आ रही अपुष्ट जानकारियों और अफवाहों पर नाराजगी जताते हुए लोगों से बिना पुष्टि के किसी भी तरह की जानकारी साझा न करने की अपील की थी। साथ ही उन्होंने निष्पक्ष जांच को लेकर पुलिस अधिकारियों पर भरोसा जताया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से नहीं हुआ मौत के कारण का खुलासा

बता दें कि लखनऊ में आवास निर्माण प्रभारी के पद पर तैनात IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की बुजुर्ग मां इंद्रा देवी की शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआती जानकारी में हत्या की आशंका जताई गई थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के स्पष्ट कारण का पता नहीं चल सका।

मामले की जांच फिलहाल पुलिस कर रही है। वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव इस घटना को लेकर पहले ही योगी सरकार पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने प्रदेश में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए सरकार पर निशाना साधा था। इसके बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है।

अब सपा प्रतिनिधिमंडल के अंबेडकरनगर पहुंचने के बाद मामले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *