पेट्रोल पंप पर लाइन में घुसने का विरोध पड़ा भारी, चाबी से आंख पर हमला; CCTV में कैद पूरी वारदात

Knews Desk- मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप पर लाइन में आगे निकलने को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बाइक सवार युवक ने एक व्यक्ति पर नुकीली चाबी से हमला कर दिया। इस दौरान युवक के चेहरे और आंख पर कई वार किए गए। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

जानकारी के मुताबिक, अदनान नाम का युवक बिस्मिल्लाह (HP) पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए लाइन में खड़ा था। इसी दौरान अपाचे बाइक सवार एक युवक कथित तौर पर लाइन तोड़कर आगे आ गया। अदनान ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बाइक सवार युवक ने अपनी चाबी निकाली और अदनान के चेहरे व आंख पर कई बार हमला कर दिया। अचानक हुई मारपीट से पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई।

महिला ने भी किया हमला

पीड़ित का आरोप है कि आरोपी युवक के साथ मौजूद महिला ने भी उसे बचाने के बजाय पकड़ लिया और चेहरे व गर्दन पर नाखूनों से हमला किया। अदनान का दावा है कि महिला ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।

पेट्रोल पंप कर्मचारी जयपाल के मुताबिक, विवाद की शुरुआत बाइक आगे लगाने और जल्दी पेट्रोल भरवाने को लेकर हुई थी। इसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच

घटना की पूरी तस्वीर पेट्रोल पंप के CCTV कैमरों में कैद हुई है। पीड़ित के मुताबिक, उसने घटना के बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है।

मझोला थाना पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी युवक और उसके साथ मौजूद महिला की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *