गोविंदा ने जारी किया पब्लिक नोटिस, फेक और AI कंटेंट पर दी 100 करोड़ की चेतावनी

KNEWS DESK – बॉलीवुड के ‘ची ची’ यानी गोविंदा इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। पत्नी सुनीता आहूजा के साथ रिश्ते और तलाक की खबरों के बीच अब एक्टर ने मीडिया आउटलेट्स, सोशल मीडिया अकाउंट्स और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए पब्लिक नोटिस जारी किया है। इसमें उन्होंने अपने और परिवार से जुड़ी झूठी, मानहानिकारक और बिना पुष्टि की गई जानकारी को प्रकाशित या शेयर करने से साफ तौर पर मना किया है।

फेक खबरों पर गोविंदा ने दी सख्त चेतावनी

गोविंदा की ओर से जारी नोटिस में खास तौर पर AI से बनाए या एडिट किए गए कंटेंट का जिक्र किया गया है। इसमें AI जनरेटेड फोटो-वीडियो, मॉर्फ्ड तस्वीरें, डीपफेक और एडिटेड ऑडियो जैसे कंटेंट शामिल हैं।

नोटिस में कहा गया है कि किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर गोविंदा या उनके परिवार की निजी जानकारी, आवाज, नाम या तस्वीर का गलत इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। ऐसे कंटेंट को बनाने, प्रकाशित करने या शेयर करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

100 करोड़ रुपये तक मुआवजे की बात

पब्लिक नोटिस में भारतीय न्याय संहिता, 2023 और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट, 2000 के प्रावधानों का भी उल्लेख किया गया है। नोटिस के मुताबिक, मानहानि, पहचान के गलत इस्तेमाल या साइबर अपराध से जुड़े मामलों में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

गोविंदा की ओर से ऐसे मामलों में 100 करोड़ रुपये तक के मुआवजे की मांग किए जाने की बात भी कही गई है। यानी एक्टर ने फेक और भ्रामक कंटेंट को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है।

सुनीता आहूजा के साथ रिश्ते को लेकर भी चर्चा

गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा पिछले कुछ समय से अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में सुनीता को फैमिली कोर्ट के बाहर बेटे के साथ देखा गया था। इसके बाद उनके तलाक का केस वापस लेने की खबर सामने आई।

इस बीच ऐसी अटकलें भी लगाई गईं कि गोविंदा दूसरी शादी के बारे में सोच रहे हैं। हालांकि, गोविंदा के मैनेजर ने इन खबरों को गलत बताया था। वहीं, सुनीता के बयानों को लेकर भी दोनों के बीच विवाद की खबरें सामने आती रही हैं।

गोविंदा की तरफ से भी दूसरी शादी की तैयारियों से जुड़ी खबरों को खारिज किया गया है। फिलहाल पति-पत्नी के रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। इसी बीच गोविंदा का यह पब्लिक नोटिस सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपने परिवार को लेकर बिना पुष्टि की जानकारी और डिजिटल तरीके से बनाए गए फेक कंटेंट पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *